रविवार को मध्य रेल का मेगा ब्लॉक, कई उपनगरीय सेवाएं रहेंगी प्रभावित

मुंबई। मध्य रेल के मुंबई मंडल द्वारा रेल बुनियादी ढांचे के रखरखाव और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 30 अगस्त 2026, रविवार को उपनगरीय रेलखंडों पर मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान विद्याविहार-ठाणे के बीच 5वीं और 6वीं लाइन तथा ठाणे-वाशी/नेरुल के बीच ट्रांस-हार्बर लाइन पर विभिन्न अनुरक्षण कार्य किए जाएंगे।

विद्याविहार-ठाणे के बीच सुबह 8 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक 5वीं और 6वीं लाइन पर ब्लॉक रहेगा। इसके चलते कई मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी बदलाव किया जाएगा। ब्लॉक के दौरान संबंधित ट्रेनों के 10 से 15 मिनट देरी से चलने की संभावना है।

प्रभावित ट्रेनों में गोदान एक्सप्रेस, जयनगर एक्सप्रेस, नेत्रावती एक्सप्रेस, काकीनाडा पोर्ट एक्सप्रेस, सोलापुर-सीएसएमटी वंदे भारत एक्सप्रेस, सिंहगढ़ एक्सप्रेस, डेक्कन क्वीन, प्रगति एक्सप्रेस, मंगलुरु-सीएसएमटी एक्सप्रेस, जनता एक्सप्रेस, बनारस-एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, हावड़ा-सीएसएमटी मुंबई मेल और हटिया-एलटीटी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें शामिल हैं।

ट्रांस-हार्बर सेवाएं रहेंगी निलंबित

ठाणे और वाशी/नेरुल के बीच सुबह 11:10 बजे से शाम 4:10 बजे तक अप एवं डाउन ट्रांस-हार्बर लाइन पर मेगा ब्लॉक रहेगा। इस अवधि में ठाणे-वाशी, नेरुल और पनवेल के बीच ट्रांस-हार्बर सेवाएं निलंबित रहेंगी।

ठाणे से सुबह 10:35 बजे से शाम 4:07 बजे तक वाशी/नेरुल/पनवेल के लिए रवाना होने वाली डाउन सेवाएं तथा पनवेल/नेरुल/वाशी से ठाणे के लिए सुबह 10:25 बजे से शाम 4:09 बजे तक रवाना होने वाली अप सेवाएं रद्द रहेंगी।

हालांकि, बेलापुर-उरण लाइन पर ट्रेनें रविवार की समय-सारणी के अनुसार संचालित होंगी।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि मेगा ब्लॉक के दौरान किए जाने वाले अनुरक्षण कार्य रेल बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाए रखने और यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी ले लें और मेगा ब्लॉक के दौरान रेलवे प्रशासन के साथ सहयोग करें।