यात्रियों के लिए राहत की खबर, 4 जोड़ी ट्रेनों में अस्थायी रूप से बढ़ेंगे अतिरिक्त कोच

यात्रियों के लिए राहत की खबर, 4 जोड़ी ट्रेनों में अस्थायी रूप से बढ़ेंगे अतिरिक्त कोच

साबरमती-गोरखपुर, सुल्तानपुर, वाराणसी और नई दिल्ली रूट की ट्रेनों में बढ़ेगी बर्थ की संख्या, दिसंबर से मार्च तक मिलेगी सुविधा

जयपुर। ट्रेनों में बढ़ती यात्री भीड़ और अतिरिक्त यातायात को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों को राहत देने के लिए 4 जोड़ी रेलसेवाओं में अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। इस व्यवस्था के तहत तीन जोड़ी ट्रेनों में एक थर्ड एसी और एक द्वितीय शयनयान (स्लीपर) कोच, जबकि एक जोड़ी ट्रेन में एक थर्ड एसी कोच बढ़ाया जाएगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 19409/19410 साबरमती-गोरखपुर-साबरमती एक्सप्रेस में साबरमती से 3 दिसंबर 2026 से 27 मार्च 2027 तक तथा गोरखपुर से 6 दिसंबर 2026 से 29 मार्च 2027 तक एक थर्ड एसी और एक स्लीपर कोच अस्थायी रूप से जोड़ा जाएगा।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 20939/20940 साबरमती-सुल्तानपुर-साबरमती एक्सप्रेस में साबरमती से 1 दिसंबर 2026 से 30 मार्च 2027 तक तथा सुल्तानपुर से 2 दिसंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक एक थर्ड एसी और एक स्लीपर कोच की बढ़ोतरी की जाएगी।

गाड़ी संख्या 20963/20964 साबरमती-वाराणसी-साबरमती एक्सप्रेस में भी साबरमती से 3 दिसंबर 2026 से 25 मार्च 2027 तक तथा वाराणसी से 5 दिसंबर 2026 से 27 मार्च 2027 तक एक थर्ड एसी और एक स्लीपर कोच लगाया जाएगा।

वहीं गाड़ी संख्या 12957/12958 साबरमती-नई दिल्ली-साबरमती स्वर्ण जयंती राजधानी एक्सप्रेस में साबरमती से 1 दिसंबर 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक तथा नई दिल्ली से 2 दिसंबर 2026 से 1 जनवरी 2027 तक एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच जोड़ा जाएगा।

रेलवे की इस पहल से चारों रेल मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध होंगी। साथ ही प्रतीक्षा सूची के यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी और बढ़ती यात्री भीड़ के दौरान सफर अधिक सुविधाजनक हो सकेगा।