यात्रियों के लिए बड़ी राहत: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 2 वर्षों में जोड़े 858 अतिरिक्त कोच, प्रतीक्षा सूची वाले लाखों यात्रियों को मिला फायदा

यात्रियों के लिए बड़ी राहत: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 2 वर्षों में जोड़े 858 अतिरिक्त कोच, प्रतीक्षा सूची वाले लाखों यात्रियों को मिला फायदा

रेलवे ने स्थायी और अस्थायी रूप से बढ़ाई कोचों की संख्या

बिलासपुर। रेल यात्रियों की बढ़ती संख्या और प्रतीक्षा सूची की समस्या को कम करने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। यात्रियों को अधिक से अधिक कन्फर्म सीट और बर्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे ने पिछले 2 वर्षों में अपनी विभिन्न ट्रेनों में कुल 858 अतिरिक्त कोच जोड़े हैं। इनमें 61 कोच स्थायी रूप से और 797 कोच अस्थायी रूप से लगाए गए हैं। इस पहल से लाखों यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिला है।

रेलवे का उद्देश्य नई ट्रेनें चलाए बिना मौजूदा ट्रेनों की यात्री क्षमता बढ़ाना है। इसके लिए ट्रेनों में यात्रियों की संख्या, श्रेणीवार आरक्षण की स्थिति और प्रतीक्षा सूची का लगातार विश्लेषण किया जाता है। जिस ट्रेन में किसी विशेष श्रेणी में लगातार प्रतीक्षा सूची अधिक रहती है, उसमें उसी श्रेणी के अतिरिक्त कोच जोड़कर यात्रियों को राहत दी जाती है।

दो तरह से बढ़ाई जाती है कोचों की संख्या

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों की मांग के अनुसार स्थायी और अस्थायी दोनों तरह से कोच बढ़ाए जाते हैं। अस्थायी व्यवस्था के तहत त्योहारों, छुट्टियों, परीक्षाओं और व्यस्त मौसम में अधिक भीड़ वाली चुनिंदा तिथियों पर अतिरिक्त कोच लगाए जाते हैं। वहीं, जिन ट्रेनों में लंबे समय तक यात्रियों की मांग अधिक बनी रहती है, उनमें स्थायी रूप से अतिरिक्त कोच जोड़े जाते हैं।

रेलवे के अनुसार प्रत्येक ट्रेन की अधिकतम कोच संरचना निर्धारित होती है। यह प्लेटफॉर्म की लंबाई, इंजन की क्षमता, पिट लाइन और अन्य परिचालनिक व्यवस्थाओं पर निर्भर करती है। इसलिए किसी ट्रेन में निर्धारित सीमा से अधिक कोच नहीं लगाए जा सकते। ऐसी स्थिति में यात्रियों की अतिरिक्त मांग को पूरा करने के लिए विशेष ट्रेनों सहित अन्य विकल्पों पर विचार किया जाता है।

2025-26 में 517 अतिरिक्त कोच लगाए

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान ट्रेनों में 26 कोच स्थायी रूप से और 491 कोच अस्थायी रूप से जोड़े। वहीं वर्तमान वित्तीय वर्ष में 1 अप्रैल से 15 नवंबर 2026 तक 35 कोच स्थायी रूप से और 306 कोच अस्थायी रूप से लगाए गए।

वर्तमान वित्तीय वर्ष में स्थायी रूप से जोड़े गए 35 कोचों में 28 डेमू, 4 मेमू और 3 मेल-एक्सप्रेस ट्रेन के कोच शामिल हैं। इस प्रकार पिछले दो वर्षों में कुल 61 स्थायी और 797 अस्थायी कोच जोड़े गए हैं।

दैनिक यात्रियों से लेकर त्योहारों में सफर करने वालों को राहत

डेमू और मेमू ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाने से बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडलों के दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, कामगारों और छोटे व्यापारियों को लाभ मिल रहा है। वहीं त्योहारों और छुट्टियों के दौरान अस्थायी कोच लगाए जाने से प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को कन्फर्म बर्थ उपलब्ध कराने में मदद मिली है।

अतिरिक्त कोचों से मौजूदा ट्रेनों में अधिक यात्रियों को सफर का अवसर मिलता है। इससे भीड़ कम करने, यात्रा को सुविधाजनक बनाने और रेलवे के उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने में भी सहायता मिलती है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों की क्षमता बढ़ाने और बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। रेलवे ने यात्रियों से ट्रेनों की संरचना और आरक्षण की अद्यतन जानकारी के लिए एनटीईएस ऐप अथवा हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग करने की अपील की है। साथ ही टिकट केवल आईआरसीटीसी की वेबसाइट, ऐप और अधिकृत आरक्षण काउंटरों से ही बुक कराने का अनुरोध किया है।