मौसम की मार से किसानों की फसल हुई वर्वाद।

पीलीभीत। जिले में लगातार हुई भारी बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी धान और गन्ने की फसल पर बारिश और तेज हवाओं की मार पड़ी है। कई इलाकों में खेत पानी से लबालब हैं, तो कहीं धान की तैयार फसल जमीन पर बिछ गई है। गन्ने की फसल भी बारिश और तेज हवा के कारण प्रभावित हुई है।

जिस फसल को तैयार करने के लिए अन्नदाता ने महीनों तक दिन-रात मेहनत की, खाद-बीज और सिंचाई पर खर्च किया, वही फसल अब प्रकृति की मार से बर्बादी की कगार पर पहुंच गई है। खेतों का यह हाल देखकर किसानों के चेहरे पर चिंता साफ नजर आ रही है।

किसानों का कहना है कि धान की फसल पकने के करीब थी और अब बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। खेतों में पानी भरने से फसल खराब होने की आशंका बढ़ गई है। वहीं गन्ने की फसल गिरने से भी किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

प्रकृति के इस कहर ने अन्नदाता को एक बार फिर मुश्किल में खड़ा कर दिया है। किसान अब प्रशासन से प्रभावित फसलों का स्थलीय निरीक्षण कराकर नुकसान का आकलन और नियमानुसार सहायता की मांग कर रहे हैं।

कभी सूखा, कभी बाढ़ और अब बेमौसम भारी बारिश?हर बार मौसम की मार का सबसे बड़ा असर अन्नदाता पर पड़ रहा है। खेतों में खड़ी फसल के साथ किसानों की उम्मीदें भी डगमगा गई हैं।
�