मेमू ट्रेन के पटरी से उतरने से रेल यातायात प्रभावित, एक ट्रेन रद्द

मेमू ट्रेन के पटरी से उतरने से रेल यातायात प्रभावित, एक ट्रेन रद्द

रेलवे अपडेट। आगरा मंडल में खेड़ली-नदबई स्टेशनों के बीच ईदगाह-बांदीकुई मेमू रेलगाड़ी संख्या 64621 के पटरी से उतरने के कारण रेल यातायात प्रभावित हो गया है। इसके चलते रेलवे ने 13 अक्टूबर को एक रेलसेवा रद्द कर दी है, जबकि 2 रेलगाड़ियों के मार्ग में बदलाव किया गया है। एक अन्य रेलगाड़ी देरी से रवाना होगी।

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 64622 बांदीकुई-ईदगाह मेमू रेलसेवा 13 अक्टूबर 2026 को रद्द रहेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 22988 आगरा फोर्ट-अजमेर रेलसेवा परिवर्तित मार्ग भरतपुर-बयाना-सवाई माधोपुर-जयपुर होकर संचालित होगी।

इसके अलावा, गाड़ी संख्या 12548 गांधीग्राम-आगरा कैंट रेलसेवा खेड़ली स्टेशन से वापस बांदीकुई लौटकर परिवर्तित मार्ग बांदीकुई-अलवर-मथुरा-आगरा कैंट होकर चलेगी।

गाड़ी संख्या 54355 बांदीकुई-बरेली रेलसेवा 13 अक्टूबर को अपने निर्धारित समय से 1 घंटा 45 मिनट की देरी से बांदीकुई स्टेशन से रवाना होगी।

रेलवे यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी रेलगाड़ी की स्थिति और परिवर्तित मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।