मुरादाबाद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक, अधिकारियों को दिए निर्देश

मुरादाबाद। विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तीसरे चरण की द्वितीय जनपद स्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी अक्टूबर माह में संचालित होने वाले अभियान की तैयारियों, विभागवार कार्ययोजना और पूर्व चरण में मिली कमियों के सुधार पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक का शुभारंभ उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं वीबीडी नोडल अधिकारी डॉ. संजीव बेलवाल ने सभी अधिकारियों का स्वागत करते हुए किया। उन्होंने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक तथा दस्तक अभियान 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से माइक्रोप्लान के अनुसार प्रतिदिन क्षेत्र में कार्य सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया।

जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान के दौरान पर्यवेक्षकों द्वारा क्षेत्र में कम से कम पांच घरों का निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाएगा। निरीक्षण की प्रविष्टि सीएसप्रो एप पर भी करना जरूरी होगा। पांच से कम घरों की प्रविष्टि होने पर निरीक्षण मान्य नहीं माना जाएगा। उन्होंने आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं द्वारा दस्तक अभियान के दौरान सोर्स रिडक्शन की गतिविधियों का प्रतिदिन ई-कवच के यूडीएसपी आइकन में जीव वैज्ञानिक सर्वेक्षण प्रपत्र के माध्यम से अद्यतन करने के निर्देश दिए।

बैठक में स्कूलों, विद्यालयों एवं छात्रावासों में लार्वीसाइड का छिड़काव और फॉगिंग कराने पर भी जोर दिया गया। विश्व स्वास्थ्य संगठन के एसएमओ डॉ. ईशान ने अभियान के दूसरे चरण में विभागवार पाई गई कमियों की जानकारी साझा की और इस बार उनमें सकारात्मक सुधार सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।

मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों की प्रविष्टि यूडीएसपी पर उसी दिन की जाए, जिस दिन मामला सामने आए, ताकि संबंधित गतिविधियां समय से पूरी की जा सकें। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि अभियान को लेकर अभी से व्यापक जागरूकता और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ नगर विकास, पंचायतीराज एवं ग्राम्य विकास, पशुपालन, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, कृषि एवं सिंचाई, सूचना तथा उद्यान विभाग द्वारा भी समन्वय के साथ कार्य किया जाएगा। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव बेलवाल, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सौरभ सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।