मुरादाबाद में आतिशबाजी स्थलों की सुरक्षा को लेकर सख्ती, संयुक्त टीम ने चलाया विशेष चेकिंग अभियान

मुरादाबाद में आतिशबाजी स्थलों की सुरक्षा को लेकर सख्ती, संयुक्त टीम ने चलाया विशेष चेकिंग अभियान

एसएसपी के निर्देश पर कांठ तहसील में विस्फोटक निर्माण, बिक्री और भंडारण स्थलों का निरीक्षण, सुरक्षा मानकों के पालन के दिए निर्देश

मुरादाबाद। जिले में आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के आदेशानुसार कांठ तहसील क्षेत्र में विस्फोटक सामग्री के निर्माण, बिक्री एवं भंडारण स्थलों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान प्रशासन और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

क्षेत्राधिकारी कांठ सुनीता दहिया, मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय, राजस्व विभाग तथा प्रभारी कांठ/मुरादाबाद अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। टीम ने विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित भंडारण, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, सुरक्षा इंतजामों और निर्धारित मानकों के पालन की जांच की।

अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विस्फोटक एवं आतिशबाजी सामग्री के निर्माण, बिक्री और भंडारण के दौरान सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही आग से बचाव के उपकरणों को दुरुस्त रखने और आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए।

अग्निशमन एवं पुलिस-प्रशासन की इस संयुक्त पहल से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का संदेश मिला है। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि सतर्कता, जागरूकता और सुरक्षा नियमों का पालन ही किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने का सबसे प्रभावी माध्यम है। अभियान के माध्यम से प्रशासन ने त्योहारों के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जाहिर की।