मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट, अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर

मुरादाबाद। शहर में अग्नि सुरक्षा को लेकर अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मंडल आयुक्त संगीता सिंह के निर्देश पर अग्निशमन विभाग की टीम लगातार प्रमुख संस्थानों और अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा ले रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इसी क्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय और मुरादाबाद अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने कांठ रोड स्थित एशियन विवेकानंद हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अस्पताल में लगे अग्निशमन यंत्रों और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को बारीकी से जांचा।

अधिकारियों ने अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता का जायजा लेने के साथ अस्पताल प्रबंधन को अग्नि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।

अग्निशमन विभाग की इस सक्रियता से अस्पतालों और प्रमुख संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिल रही है। विभाग का उद्देश्य किसी भी संभावित अग्निकांड को रोकथाम के स्तर पर ही नियंत्रित करना और आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव सुनिश्चित करना है।

मंडल आयुक्त के निर्देश पर चल रही यह मुहिम मुरादाबाद में सुरक्षित वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।