मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग का विशेष अभियान, 6 होटल-रेस्टोरेंट का हुआ फायर ऑडिट

मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग ने मंगलवार को अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया। अपर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन तथा आपात सेवा, उत्तर प्रदेश के निर्देश और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में अभियान चलाया गया।

स्कीम नंबर-05 के तहत हैलेट रोड, कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ और बिलारी अग्निशमन केंद्रों की टीमों ने जिले के विभिन्न होटल, कैफे, रेस्टोरेंट, गेमिंग जोन, ब्यूटी पार्लर और सैलून में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान छह प्रतिष्ठानों का फायर ऑडिट किया गया और वहां मौजूद 35 कर्मचारियों एवं अन्य लोगों को आग से बचाव और आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी के संबंध में जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान होटल साईं आर्किड, होटल कार्मेट, न्यू शर्मा शुद्ध भोजनालय, महम चिकन टिक्का रेस्टोरेंट, माहेश्वरी शुद्ध शाकाहारी भोजनालय और होटल कृष्णा पैलेस का निरीक्षण किया गया। अग्निशमन टीमों ने संस्थान संचालकों और कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित निकासी तथा अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग की जानकारी दी।

अग्निशमन विभाग ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों को अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विभाग का उद्देश्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आग की घटनाओं को रोकने के साथ ही आपात स्थिति में जनहानि को कम करना और लोगों को सुरक्षित निकासी के प्रति जागरूक करना है।