मुख्य सड़क बनी गैराज! धुलाई-पंचर की दुकानों के आगे सड़क पर खड़े वाहन, जाम के साथ हादसे का खतरा

मुख्य सड़क बनी गैराज! धुलाई-पंचर की दुकानों के आगे सड़क पर खड़े वाहन, जाम के साथ हादसे का खतरा

हरदोई/सुरसा
.
सुरसा थाना क्षेत्र के गांव जगतपुरवा में मुख्य सड़क के किनारे संचालित वाहन धुलाई और पंचर की दुकानों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुकानों के सामने पर्याप्त जगह नहीं होने के बावजूद चार पहिया वाहनों को सड़क पर ही खड़ा कर दिया जाता है, जिससे मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित होकर आए दिन जाम की स्थिति पैदा हो रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण दोनों ओर से आने वाले वाहन आमने-सामने फंस जाते हैं। राहगीरों को निकलने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ती है। सबसे गंभीर बात यह है कि सड़क पर खड़े वाहनों के चलते दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। सवाल यह है कि क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदार विभाग जागेगा?

स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुख्य मार्ग पर इस तरह वाहनों के खड़े होने के बावजूद सुरसा पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क आवागमन के लिए है, उसे निजी धुलाई सेंटर या गैराज का हिस्सा बनाकर राहगीरों की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए।

मामले को लेकर रिंकू, शिवम, मनोज, अभिषेक समेत अन्य ग्रामीणों ने सीओ सिटी को प्रार्थना पत्र देकर मुख्य सड़क से अतिक्रमण हटवाने और यातायात व्यवस्था सुचारु कराने की मांग की है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी ग्रामीणों की शिकायत पर कार्रवाई करते हैं या फिर सड़क पर जारी यह 'गैराज व्यवस्था' किसी हादसे का इंतजार करती रहेगी।