मुख्य विकास अधिकारी ने हॉफ वे होम का किया औचक निरीक्षण, 22 महिला संवासियों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी ने हॉफ वे होम का किया औचक निरीक्षण, 22 महिला संवासियों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

मुरादाबाद में दिव्यांगजन संस्था का निरीक्षण

मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने बुधवार को दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग से अनुदानित हॉफ वे होम एवं लॉन्ग स्टे होम का औचक निरीक्षण किया। ढक्का कुन्दनपुर रोड, लाइनपार स्थित संस्था में निरीक्षण के दौरान 22 महिला संवासी उपस्थित मिलीं। इस दौरान जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने मानसिक स्वास्थ्य संबंधी उपचार प्राप्त कर रही महिला संवासियों के रहने के कक्षों का जायजा लिया। इसके साथ ही भोजनालय और भंडार कक्ष में रखी खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच की गई। खाद्य सामग्री की ब्रांड संबंधी जानकारी और उसकी समाप्ति तिथि सही पाई गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने संस्था के समन्वयक को निर्देश दिए कि यहां निवासरत महिला संवासियों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाए और नियमित रूप से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए, ताकि उन्हें बेहतर देखभाल मिल सके।

उन्होंने महिला संवासियों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके कौशल विकास पर भी जोर दिया। इसके लिए संस्था में नियमित रूप से सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे महिलाएं हुनर सीखकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकें।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने संस्था में रह रही महिलाओं की देखभाल, स्वास्थ्य और प्रशिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।