माता वैष्णो देवी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, नवरात्रि के पहले दिन भक्तों की लंबी कतारें

कटरा। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व का शुभारंभ होते ही माता वैष्णो देवी के दरबार में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। रविवार को नवरात्रि के पहले दिन माता के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु कटरा पहुंचे। भवन से लेकर यात्रा मार्ग तक भक्तों में माता रानी के दर्शन की विशेष उत्सुकता दिखाई दी। जय माता दी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

कटरा स्थित आधार शिविर में श्रद्धालुओं की भारी चहल-पहल रही। यात्रा शुरू करने के लिए अनिवार्य आरएफआईडी पंजीकरण कार्ड प्राप्त करने के लिए काउंटरों पर भीड़ दिखाई दी। वहीं, दर्शनी ड्योढ़ी पर श्रद्धालु कतारबद्ध होकर माता के भवन की ओर प्रस्थान करते नजर आए।

नवरात्रि के पावन अवसर पर श्री माता वैष्णो देवी भवन को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। त्रिकूट पर्वत की वादियों में जगमगाता भवन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। नौ दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उधर, कठुआ जिले के ऐतिहासिक सुकराला माता मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। मंदिर को फूलों और फलों से सजाया गया है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

नवरात्रि के पहले दिन देशभर के प्रमुख देवी मंदिरों में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। असम के कामाख्या मंदिर, हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर और दिल्ली के छतरपुर मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।

नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही माता के दरबारों में उमड़ी श्रद्धा की यह भीड़ देशभर में आस्था, विश्वास और भक्ति की अद्भुत तस्वीर पेश कर रही है। भक्त मां दुर्गा की आराधना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।