महिला यात्री के बच्चे के लिए रेलवे कर्मचारी ने तुरंत उपलब्ध कराया गर्म दूध

बरेली। यात्रियों की सुविधा और उनकी जरूरतों के प्रति संवेदनशीलता का परिचय देते हुए इज्जतनगर मंडल के रेलवे कर्मचारी ने ट्रेन में यात्रा कर रही महिला यात्री के छोटे बच्चे के लिए तत्काल गर्म दूध उपलब्ध कराया।

इज्जतनगर मंडल के वाणिज्य नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 05045 लालकुआं राजकोट एक्सप्रेस के एस-3 कोच की सीट संख्या 23 पर यात्रा कर रही महिला यात्री को अपने छोटे बच्चे के लिए गर्म दूध की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही हाथरस स्टेशन पर तैनात मुख्य वाणिज्य अधीक्षक वी.के. सारस्वत ने तत्परता दिखाई और ट्रेन के संबंधित कोच में पहुंचकर महिला यात्री को निःशुल्क गर्म दूध उपलब्ध कराया।

रेल कर्मचारी की इस त्वरित पहल से महिला यात्री को राहत मिली। रेल प्रशासन की ओर से यात्रियों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने के साथ मानवीय संवेदनशीलता का भी ध्यान रखा जा रहा है।