महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने किया जोधपुर-पाली मारवाड़ रेलखंड का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिया जोर

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने शनिवार को जोधपुर-पाली मारवाड़ रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेल सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दो दिवसीय जोधपुर दौरे के दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक, सिग्नल, अंडरपास और रेलवे फाटकों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही अधिकारियों को सुरक्षित और सुचारु रेल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने जोधपुर-लूनी-पाली मारवाड़ रेलखंड पर पटरियों की स्थिति, ट्रेन संचालन के दौरान लगने वाले झटकों और पटरियों के उचित जुड़ाव की जांच की। इसके साथ ही सिग्नल की दृश्यता, गति सीमा दर्शाने वाले बोर्ड, चेतावनी संकेतों और किलोमीटर संबंधी संकेतकों की स्थिति का भी जायजा लिया।

महाप्रबंधक ने रेलखंड पर बने अंडरपास और रेलवे फाटकों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कर्मचारियों की सतर्कता तथा निर्धारित नियमों के पालन पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेल संचालन से संबंधित सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाए और निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।

उन्होंने ट्रैक, सिग्नल और अन्य रेल व्यवस्थाओं की नियमित जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि यात्रियों को सुरक्षित सफर उपलब्ध कराने के साथ रेल संचालन को अधिक सुचारु बनाया जा सके।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी, मुख्य परियोजना प्रबंधक (गतिशक्ति) सुनील कुमार, उपमुख्य निर्माण अभियंता (गतिशक्ति) प्रवेंद्र सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर ललित कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर तरुण बीका, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आरएन जाट, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर अमित स्वामी, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (संकेत एवं दूरसंचार) अनुपम कुमार सहित बिजली और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।