महाप्रबंधक ने बरेली सिटी-बमियाना रेलखंड का किया निरीक्षण, रेलकर्मियों को दिए सुरक्षा के निर्देश

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने रविवार को प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार के साथ बरेली सिटी-बमियाना रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलपथ, ओएचई, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग, समपार और पुलों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार सहित विभिन्न शाखाधिकारी मौजूद रहे।

इसके बाद महाप्रबंधक ने सीबीगंज स्थित ट्रेन सेट डिपो का निरीक्षण किया। उन्होंने इंजीनियरिंग स्किल प्लान, हैवी रिपेयर शेड, लाइट रिपेयर शेड, स्टोर रूम, लॉकर रूम, टूल रूम, महिला कक्ष और अग्निशामक यंत्रों की व्यवस्था देखी। पिट लाइन पर मेमू रैक की कार्यप्रणाली और अनुरक्षण व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया।

महाप्रबंधक ने रेलकर्मियों से संवाद कर ट्रेन सेट की कार्यप्रणाली और अनुरक्षण प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने अनुरक्षण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही डिपो में कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे अच्छे कार्य और नवाचार की सराहना की।

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और नवाचार का उपयोग करते हुए अनुरक्षण कार्यों को और प्रभावी बनाया जाना चाहिए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और विश्वसनीय रेल सेवा उपलब्ध कराई जा सके। उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए महाप्रबंधक ने 30 हजार रुपये का प्रशंसा पुरस्कार भी प्रदान किया।

इसके बाद महाप्रबंधक ने ट्रेन सेट डिपो परिसर में पौधरोपण कर ?स्वच्छता ही सेवा-2026? के तहत पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने एनई रेलवे मेंस कांग्रेस के पदाधिकारियों से भी मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

महाप्रबंधक ने सीबीगंज स्थित रेलवे कॉलोनी का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को कर्मचारियों के रेलवे आवासों के बेहतर रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के अंतिम चरण में उन्होंने इज्जतनगर मंडल रेलवे चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने आपातकालीन कक्ष, सर्जिकल आईसीयू, प्रसव कक्ष, लिनेन एवं औषधि भंडार, पुरुष एवं महिला वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, बाल एवं महिला चिकित्सा वार्ड, विशेष वार्ड, पंजीकरण कक्ष, बाह्य रोगी विभाग और रैन बसेरा का जायजा लिया।

महाप्रबंधक ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए रेल कर्मचारियों और उनके आश्रितों को बेहतर एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान मंडल के सभी शाखाधिकारी मौजूद रहे।