मध्य रेल मुंबई मंडल में राजभाषा पखवाड़े का समापन, 155 अधिकारी-कर्मचारियों ने लिया प्रतियोगिताओं में हिस्सा

मुंबई। मध्य रेल के मुंबई मंडल में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में 1 से 18 सितंबर 2026 तक राजभाषा पखवाड़े का आयोजन किया गया। पखवाड़े के दौरान विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों के माध्यम से राजभाषा हिंदी के प्रयोग एवं प्रसार को बढ़ावा दिया गया।

18 सितंबर को आयोजित समापन समारोह की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक हिरेश मीना ने की। इस दौरान उन्होंने हिंदी दिवस संदेश का वाचन करते हुए कार्यालयीन कार्यों में सरल और सहज हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया।

इसके बाद अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी नीरज यादव ने रेल मंत्री का तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक (प्रशासन) ने महाप्रबंधक का हिंदी दिवस संदेश पढ़कर सुनाया।

राजभाषा पखवाड़े के दौरान राजभाषा एवं भारतीय संस्कृति सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, पर्ची चुनो-अपने विचार लिखो, काव्य भावार्थ एवं समीक्षा लेखन, पोस्टर बनाओ और हिंदी सुलेखन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें मुंबई मंडल के कुल 155 अधिकारी और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इनके अतिरिक्त मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस स्टेशन, कुर्ला डीजल, सानपाड़ा कारशेड और कल्याण रेलवे स्कूल में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के विजेता अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक, शाखा अधिकारी और राजभाषा कार्यान्वयन समितियों के अध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक कार्मिक अधिकारी (शेड) एवं संपर्क वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी सुधाकर मलिक ने किया।