मध्य रेल के स्वच्छता रथ ने हटाया 1.68 लाख किलो कचरा और कीचड़

मध्य रेल ने 1.68 लाख किलो कचरा हटाया

मध्य रेल के स्वच्छता रथ ने हटाया 1.68 लाख किलो कचरा और कीचड़

मुंबई। रेलवे पटरियों और स्टेशनों को स्वच्छ बनाने के लिए मध्य रेल ने विशेष अभियान चलाया। इसके तहत 4 अक्टूबर 2026 को सीएसएमटी से दादर के बीच चलाए गए अभियान में 1.68 लाख किलोग्राम कीचड़, कचरा और अपशिष्ट एकत्र कर निस्तारण के लिए भेजा गया।

स्वच्छता पखवाड़ा और विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सीएसएमटी, मस्जिद, परेल, दादर और माटुंगा स्टेशनों पर पटरियों के किनारे जमा कचरे और कीचड़ को हटाया गया। इसके लिए मध्य रेल की विशेष ?स्वच्छता रथ? ट्रेन का इस्तेमाल किया गया।

अभियान के दौरान एकत्र कचरे को 2,800 बोरियों में भरकर निर्धारित निस्तारण एवं प्रसंस्करण केंद्रों तक पहुंचाया गया। इस कार्य में ट्रैकमैन, सफाईकर्मी, हाउसकीपिंग टीम और पर्यवेक्षकों सहित कुल 881 कर्मचारियों ने योगदान दिया।

रेलवे के अनुसार अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान मुंबई मंडल में कुल 1.91 लाख घन मीटर कीचड़, कचरे और अपशिष्ट की सफाई कर निस्तारण किया गया। पटरियों के किनारे जमा कचरा जल निकासी व्यवस्था को बाधित कर सकता है, जिससे मानसून में जलभराव की समस्या पैदा हो सकती है।

मध्य रेल ने आम जनता से रेलवे पटरियों और परिसर में कचरा नहीं फेंकने की अपील की है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील नीला के अनुसार, स्वच्छता रथ का संचालन स्वच्छ पटरियां, स्वच्छ स्टेशन और स्वच्छ ट्रेनें सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।