बीड से पुणे के लिए पहली दैनिक ट्रेन सेवा शुरू होगी 17 सितंबर को उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी उद्घाटन विशेष ट्रेन

मुंबई। मराठवाड़ा क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा शुरू होने जा रही है। मध्य रेल बीड और पुणे के बीच पहली दैनिक सीधी ट्रेन सेवा शुरू करेगा। लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए 17 सितंबर 2026 को बीड रेलवे स्टेशन से बीड-पुणे उद्घाटन विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी।

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, सांसद बजरंग सोनवणे, विधायक संदीप क्षीरसागर सहित अन्य गणमान्य अतिथि बीड स्टेशन से उद्घाटन विशेष ट्रेन संख्या 01401 को रवाना करेंगे।

उद्घाटन विशेष ट्रेन बीड से पुणे के बीच अमलनेर भांड्याचे, न्यू आष्टी, नारायणडोह, अहिल्यानगर, श्रीगोंदा रोड, दौंड कॉर्ड लाइन और उरुली स्टेशनों पर ठहरेगी। ट्रेन में 2 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, 3 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 4 शयनयान, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी, एक द्वितीय श्रेणी सीटिंग सह गार्ड ब्रेक वैन और एक जनरेटर वैन शामिल होगी।

मध्य रेल के अनुसार, ट्रेन संख्या 11434/11433 पुणे-बीड-पुणे दैनिक एक्सप्रेस की नियमित सेवा भी जल्द शुरू की जाएगी। इसके समय और ठहराव की विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी।

यह सेवा अहिल्यानगर-बीड-पारली वैजनाथ नई रेल लाइन परियोजना के अहिल्यानगर-बीड खंड के कमीशनिंग के बाद एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। नई रेल सेवा से बीड के यात्रियों को पुणे तक सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।

रेलवे के अनुसार, इस ट्रेन से विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों, तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को शिक्षा, चिकित्सा, कारोबार और धार्मिक यात्राओं के लिए पुणे आने-जाने में सुविधा होगी। साथ ही सड़क परिवहन के मुकाबले किफायती रेल यात्रा का विकल्प मिलने से क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

बीड मराठवाड़ा का ऐतिहासिक और कृषि प्रधान जिला है तथा परली वैजनाथ और अंबाजोगाई जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के निकट स्थित है। वहीं पुणे शिक्षा, उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी का प्रमुख केंद्र होने के साथ महत्वपूर्ण रेलवे जंक्शन भी है। ऐसे में बीड-पुणे रेल सेवा से मराठवाड़ा और पश्चिमी महाराष्ट्र के बीच संपर्क और मजबूत होगा।