बिजनौर में पटाखा गोदामों और निर्माण स्थलों पर चला अग्नि सुरक्षा जांच अभियान

बिजनौर। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक बिजनौर के निर्देश पर जनपद में पटाखा निर्माण, भंडारण और बिक्री स्थलों की अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य आतिशबाजी स्थलों पर सुरक्षा मानकों की जांच करने के साथ संचालकों और कर्मचारियों को आग से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में सोमवार को तहसील नजीबाबाद और तहसील बिजनौर क्षेत्र में संयुक्त रूप से अभियान चलाया गया। नजीबाबाद में उपजिलाधिकारी नजीबाबाद एवं प्रभारी अग्निशमन केंद्र नजीबाबाद तथा बिजनौर में उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार और प्रभारी अग्निशमन अधिकारी की टीम ने विभिन्न पटाखा निर्माण, भंडारण एवं बिक्री स्थलों का निरीक्षण किया।

अभियान के दौरान कुल चार स्थानों की जांच की गई, जबकि 26 लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति प्रशिक्षित एवं जागरूक किया गया। टीम ने ग्राम चांदपुर फेरू, ग्राम तरिकमपुर रूपचंद, ग्राम फरीदपुर काजी तथा नांगल सोती क्षेत्र में स्थित आतिशबाजी से जुड़े स्थलों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान संचालकों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि सभी अग्निशमन उपकरणों को हमेशा कार्यशील स्थिति में रखा जाए और समय-समय पर उनका रखरखाव कराया जाए। अधिकारियों ने आग लगने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई, सुरक्षित निकासी और प्राथमिक अग्निशमन उपायों के बारे में भी जानकारी दी।

अग्निशमन विभाग की टीम ने कर्मचारियों को आग से बचाव के जरूरी उपाय बताते हुए सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पटाखों के निर्माण और भंडारण के दौरान सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए, ताकि संभावित अग्निकांड और दुर्घटनाओं को रोका जा सके।