बारिश में भी नहीं थमी आस्था, हरदोई के बावन में निकली भव्य दधि कांधव यात्रा, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

हरदोई। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर रविवार को कस्बा बावन में भक्ति और उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला। रिमझिम बारिश के बीच दधि कांधव यात्रा धूमधाम से निकाली गई। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और सैकड़ों लोग भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए। भजन-कीर्तन और धार्मिक जयघोष से पूरा कस्बा भक्तिमय नजर आया।
यात्रा का शुभारंभ श्री राधा-कृष्ण ठाकुर जी महाराज मंदिर से हुआ। इससे पूर्व मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी का पूजन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद धार्मिक जयकारों के बीच दधि कांधव यात्रा रवाना हुई।
यात्रा बावन के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। धार्मिक झांकियों ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। यात्रा को देखने के लिए मार्गों के किनारे बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में उत्साह देखने को मिला। बारिश के बीच भी श्रद्धालु पूरे जोश के साथ भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए।
दधि कांधव यात्रा के आयोजक शिवेंद्र शुक्ला छुन्ना एडवोकेट रहे। आयोजन में दिनेश चंद्र शुक्ल, बृजेश चंद्र शुक्ला एडवोकेट, वीरेश चंद्र शुक्ला, ज्ञानेंद्र शुक्ला, देवेश शुक्ला, योगेश शुक्ला, अरुण शुक्ला और रचित शुक्ला ने सहयोग किया।
यात्रा में आशीष सिंह सोलंकी, विपुल मिश्रा, शरद सिंह, सौरभ सिंह गौड़ जिला उपाध्यक्ष भाजपा, सचिन सिंह, रिंकू सिंह, आशीष चंदेल, नीरज मिश्रा और देवांश शुक्ला सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।