बाबा दीनदयाल धाम में श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ाने पर मंथन

सुमित गर्ग पत्रकार,

समीक्षा बैठक में आय-व्यय का ब्यौरा पेश, धाम के विकास को लेकर बनी रूपरेखा

खेरागढ़। महुआखेड़ा स्थित अनन्त विभूषित बाबा दीनदयाल धाम में बाबा दीनदयाल धाम ट्रस्ट की विशेष समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में धाम पर आने वाले श्रद्धालुओं और भक्तों की सुविधाओं को और बेहतर एवं सुदृढ़ बनाने के साथ आगामी विकास कार्यों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। ट्रस्ट अध्यक्ष सतीश गोयल ने बताया कि ट्रस्ट के कोष का उपयोग धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों के साथ धाम के विकास में पूरी पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है।

बैठक में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था, छांव तथा दर्शन को अधिक सुगम बनाने सहित विभिन्न बिंदुओं पर सदस्यों ने सुझाव दिए। ट्रस्ट सचिव धर्मेंद्र वर्मा ने वार्षिक आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। सदस्यों ने धाम की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आगामी योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। बैठक में कोषाध्यक्ष विवेक गोयल, गोपाल भाकरिया, अश्विनी गोयल, त्रिलोक बंसल, अशोक सिकरवार, धर्मपाल प्रधान, रामप्रसाद सिंह सहित ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने धाम की व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाने और श्रद्धालुओं को सुविधाजनक दर्शन उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।