बाढ़ में ग्रामीणों की सुरक्षा को प्रशासन ने बढ़ाया कदम, बांटी दवाएं और लाइफ जैकेट

आलापुर (अंबेडकरनगर)। बाढ़ की मार झेल रहे माझा कम्हरिया के ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। शनिवार को उपजिलाधिकारी आलापुर धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को आवश्यक दवाएं और लाइफ जैकेट वितरित किए गए। लाइफ जैकेट मिलते ही ग्रामीणों के चेहरे पर सुरक्षा को लेकर कुछ राहत नजर आई।

उपजिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि बाढ़ के कारण किसी भी परिवार को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। प्रशासन प्रभावित लोगों तक जरूरी सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की।

वहीं, लाइफ जैकेट वितरण के दौरान पूर्व विधायक अनीता कमल ने कहा कि बाढ़ के पानी में किसी जरूरी काम से जाना पड़े तो लाइफ जैकेट जीवन रक्षा में अहम साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के साथ है और जरूरत के समय हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, हल्का लेखपाल विवेक कुमार, विवेक सिंह, प्रधान प्रतिनिधि बृजलाल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।