बच्चों के सपनों को पंख देने का संकल्प, ई एंड एच फाउंडेशन और एजेस फेडरल की अनूठी पहल

ई एंड एच फाउंडेशन और एजेस फेडरल लाइफ इंश्योरेंस की संयुक्त पहल, बच्चों को शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए किया प्रेरित

लखनऊ। बाल दिवस के अवसर पर ई एंड एच फाउंडेशन और एजेस फेडरल लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड की ओर से सीतापुर रोड स्थित बड़ी पकरिया, खदरा के ज्ञानशाला केंद्र में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। शुक्रवार, 13 नवंबर को हुए इस आयोजन में बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। पूरा परिसर बच्चों की मुस्कान, उमंग और खुशियों से गुलजार रहा।कार्यक्रम में एजेस फेडरल लाइफ इंश्योरेंस के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर एरम किदवई और ई एंड एच फाउंडेशन की सीईओ अलोकानंदा चटर्जी विशेष रूप से मौजूद रहीं। इनके साथ तृष्णा बर्मन, अनुराग मिश्रा, शैलेन्द्र शाक्य और सय्यद आजम अली ने भी सहभागिता की। ज्ञानशाला की ओर से शिवानी वर्मा, प्रदीप और राज रानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने भी खुलकर अपने अनुभव साझा किए और बताया कि ज्ञानशाला में मिलने वाली शिक्षा से उन्हें किस तरह मदद मिल रही है। अतिथियों ने केंद्र की शिक्षण व्यवस्था, बच्चों की उपस्थिति और उनकी प्रगति की भी जानकारी ली।ई एंड एच फाउंडेशन की सीईओ अलोकानंदा चटर्जी ने कहा कि ज्ञानशाला का उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी शिक्षा देना नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और कौशल का समग्र विकास करना है। प्रत्येक बच्चे में आगे बढ़ने की क्षमता होती है। उसे सही मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।वहीं एजेस फेडरल लाइफ इंश्योरेंस के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर एरम किदवई ने बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में कंपनी की प्रतिबद्धता है। ई एंड एच फाउंडेशन के साथ साझेदारी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।इस मौके पर बच्चों के लिए मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। साथ ही सभी बच्चों को स्टेशनरी सामग्री से भरे उपहार बैग और जलपान वितरित किया गया। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।गौरतलब है कि ई एंड एच फाउंडेशन की ओर से संचालित ज्ञानशाला केंद्र खदरा क्षेत्र के वंचित वर्ग के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, नैतिक संस्कार और कौशल विकास का अवसर उपलब्ध करा रहा है। केंद्र पर बच्चों को स्कूली पढ़ाई में सहयोग देने के साथ उनके व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। कार्यक्रम के माध्यम से दोनों संस्थाओं ने बच्चों की शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य और सामाजिक उत्थान के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई।