फिरोजपुर मंडल में डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने की पहल, यूपीआई और क्यूआर कोड से टिकट खरीदने के लिए यात्रियों को किया जा रहा जागरूक

फिरोजपुर। रेलवे यात्रियों को टिकट खरीदने की प्रक्रिया आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में डिजिटल भुगतान को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत यात्रियों को यूपीआई, क्यूआर कोड और अन्य डिजिटल माध्यमों से टिकट खरीदने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

मंडल के विभिन्न टिकटिंग माध्यमों यूटीएस, पीआरएस, एटीवीएम, वाईटीएसके, जेटीबीएस और रेलवन ऐप के जरिए टिकट खरीदते समय यात्रियों को डिजिटल भुगतान के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। रेलवे कर्मचारी यात्रियों को डिजिटल भुगतान के सुरक्षित और आसान तरीकों की जानकारी भी दे रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक यात्री इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

डिजिटल भुगतान व्यवस्था से यात्रियों को टिकट खरीदने के लिए नकदी रखने की जरूरत कम होगी। साथ ही टिकट लेने की प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक बनेगी। रेलवे का उद्देश्य तकनीक के माध्यम से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और डिजिटल सेवाओं का अधिक से अधिक विस्तार करना है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि फिरोजपुर मंडल यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने और डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।