फिरोजपुर मंडल ने माल ढुलाई में बनाया नया रिकॉर्ड, अक्टूबर में 140 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित

फिरोजपुर। फिरोजपुर रेल मंडल ने माल ढुलाई के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए अक्टूबर 2026 में 140 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया है। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में हासिल की गई यह उपलब्धि निर्धारित लक्ष्य के 104 प्रतिशत से अधिक रही। वहीं, पिछले वित्त वर्ष के अक्टूबर माह की तुलना में राजस्व में 64 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है।

चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर तक फिरोजपुर मंडल ने माल ढुलाई से कुल 935.80 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। अक्टूबर माह में खाद्यान्न की ढुलाई से मंडल को सर्वाधिक 87.86 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि पीएफजी लोडिंग से 38 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में खाद्यान्न लोडिंग में 34 प्रतिशत और पीएफजी लोडिंग में 100 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

माल ढुलाई से होने वाली आय को और बढ़ाने के लिए मंडल ने कई नई पहल भी शुरू की हैं। इनमें ई-नीलामी के माध्यम से एसएलआर लीजिंग और माल गोदामों में डिजिटल वीडियो वॉल के जरिए विज्ञापन जैसी योजनाएं शामिल हैं। इन पहलों से मंडल को 8.741 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।

अक्टूबर माह के दौरान फिरोजपुर मंडल ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां भी हासिल कीं। इनमें बांग्लादेश को आरसीएफ कोचों का निर्यात, लुधियाना से होजरी सामान की ढुलाई, खराब होने वाली वस्तुओं की रिकॉर्ड लोडिंग और साहनेवाल?मुंडियामपक्कम पीसीईटी सेवा का शुभारंभ शामिल है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (माल ढुलाई) परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि मंडल की ओर से व्यापारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है। साथ ही ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बेहतर और सुविधाजनक माल ढुलाई सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे की ओर से माल ढुलाई को बढ़ावा देने और राजस्व में वृद्धि के प्रयास लगातार जारी हैं।