प्रयागराज और मिर्जापुर से दिल्ली जाना होगा आसान, शकूरबस्ती तक बढ़ाई गईं 2 स्पेशल ट्रेनों की सेवाएं

प्रयागराज और मिर्जापुर से दिल्ली जाना होगा आसान, शकूरबस्ती तक बढ़ाई गईं 2 स्पेशल ट्रेनों की सेवाएं

उत्तर मध्य रेलवे का फैसला, यात्रियों को मिलेगी सीधी रेल कनेक्टिविटी; 21 कोच के साथ चलेंगी ट्रेनें

प्रयागराज। पूर्वी उत्तर प्रदेश से दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र तक रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए उत्तर मध्य रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। रेलवे प्रशासन ने प्रयागराज-दादरी और नारायणपुर बाजार-दादरी स्पेशल ट्रेनों का विस्तार दिल्ली के शकूरबस्ती स्टेशन तक कर दिया है। इससे प्रयागराज, मिर्जापुर, चुनार, कानपुर, इटावा और अलीगढ़ समेत कई क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

रेलवे के इस निर्णय से यात्रियों को दादरी स्टेशन पर यात्रा समाप्त होने के बाद दिल्ली जाने के लिए बस, टैक्सी या मेट्रो का सहारा लेने की जरूरत कम होगी। साथ ही यात्रियों के समय और अतिरिक्त परिवहन खर्च की बचत होगी। शकूरबस्ती स्टेशन से हरियाणा के रोहतक, बहादुरगढ़, भिवानी और जींद की ओर जाने वाले यात्रियों को भी कनेक्टिविटी का लाभ मिल सकेगा।

इन ट्रेनों का किया गया विस्तार

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 02417/02418 प्रयागराज-शकूरबस्ती-प्रयागराज और गाड़ी संख्या 04163/04164 नारायणपुर बाजार-शकूरबस्ती-नारायणपुर बाजार के रूप में संचालित होंगी। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इन विशेष ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था की गई है।

प्रयागराज से शकूरबस्ती जाने वाली गाड़ी संख्या 02417 का संचालन 15 अक्टूबर से 14 दिसंबर 2026 तक सप्ताह में 4 दिन रविवार, सोमवार, गुरुवार और शुक्रवार को निर्धारित है। वापसी में गाड़ी संख्या 02418 शकूरबस्ती से प्रयागराज के लिए 17 अक्टूबर से 17 दिसंबर 2026 तक सप्ताह में 4 दिन बुधवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को चलेगी।

वहीं, गाड़ी संख्या 04163 नारायणपुर बाजार से शकूरबस्ती के लिए 17 अक्टूबर से 16 दिसंबर 2026 तक सप्ताह में 3 दिन मंगलवार, बुधवार और शनिवार को संचालित होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04164 शकूरबस्ती से नारायणपुर बाजार के लिए 16 अक्टूबर से 15 दिसंबर 2026 तक सप्ताह में 3 दिन सोमवार, मंगलवार और शुक्रवार को चलेगी।

21 कोच के साथ होगा संचालन

इन विशेष ट्रेनों में कुल 21 कोच लगाए गए हैं। इनमें 10 स्लीपर, 5 सामान्य, 3 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 1 वातानुकूलित प्रथम सह द्वितीय श्रेणी और 2 एसएलआर/डी कोच शामिल हैं। इससे अलग-अलग श्रेणियों में यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

यह रहेगा समय

गाड़ी संख्या 02417 प्रयागराज से रात 9 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:05 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 02418 शकूरबस्ती से रात 9:30 बजे चलकर अगले दिन सुबह 9:15 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।

नारायणपुर बाजार से चलने वाली गाड़ी संख्या 04163 शाम 6 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:05 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04164 शकूरबस्ती से रात 9:30 बजे चलकर अगले दिन दोपहर 12:25 बजे नारायणपुर बाजार पहुंचेगी।

ये ट्रेनें चुनार, मिर्जापुर, मेजा रोड, प्रयागराज, भरवारी, सिराथू, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद सहित प्रमुख स्टेशनों पर रुकेंगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से ट्रेन की समय-सारिणी, यात्रा संबंधी जानकारी और टिकट बुकिंग के लिए रेलवन ऐप का उपयोग करने की अपील की है।