पूर्वोत्तर सीमा रेलवे की बड़ी पहल: आजरा में 50 करोड़ रुपये से बनेगा विश्वस्तरीय हर मौसम अनुकूल माल गोदाम

पूर्वोत्तर सीमा रेलवे की बड़ी पहल: आजरा में 50 करोड़ रुपये से बनेगा विश्वस्तरीय हर मौसम अनुकूल माल गोदाम

आजरा गुड्स टर्मिनल को मिलेगा आधुनिक स्वरूप

गुवाहाटी।पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने माल परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ी पहल की है। रंगिया मंडल के सबसे व्यस्त माल टर्मिनलों में शामिल आजरा में लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय और हर मौसम में उपयोगी गुड्स शेड का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना से माल की लोडिंग और अनलोडिंग व्यवस्था को आधुनिक बनाया जाएगा, जिससे बारिश और खराब मौसम के दौरान भी माल उतारने का काम निर्बाध रूप से जारी रह सकेगा।

बुधवार को पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक विवेक खरे ने आजरा में इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परियोजना स्थल का निरीक्षण किया और प्रस्तावित निर्माण कार्यों की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

परियोजना के तहत आधुनिक सेवा भवन और प्री-इंजीनियर्ड तकनीक से निर्मित गुड्स शेड तैयार किया जाएगा। इसमें माल उतारने के लिए विशेष रूप से ढका हुआ क्षेत्र विकसित होगा। इससे चीनी, अनाज, खाद्य तेल सहित विभिन्न आवश्यक वस्तुओं को बारिश और खराब मौसम से सुरक्षित रखते हुए उतारना संभव होगा। नई सुविधाओं से माल की हैंडलिंग में होने वाली देरी कम होगी और व्यापारियों एवं माल परिवहन से जुड़े ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

रंगिया मंडल का सबसे व्यस्त माल टर्मिनल

आजरा गुड्स टर्मिनल की माल परिवहन क्षमता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान यहां 930 आवक मालगाड़ियों के रेक की हैंडलिंग की गई, जो रंगिया मंडल के सभी गुड्स टर्मिनलों में सर्वाधिक रही। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक इस टर्मिनल पर लगभग 572 रेक की हैंडलिंग की जा चुकी है, जिनके माध्यम से करीब 8.24 लाख टन माल का परिवहन किया गया है।

व्यापार और माल परिवहन को मिलेगी नई रफ्तार

रेलवे की इस परियोजना से आजरा टर्मिनल की क्षमता और कार्यकुशलता में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है। आधुनिक सुविधाओं के विकास से व्यापारियों और वितरकों को अपने माल की ढुलाई की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही आवश्यक वस्तुओं को क्षेत्रीय बाजारों तक समय पर पहुंचाने में भी रेलवे की भूमिका और मजबूत होगी।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की यह पहल माल परिवहन को अधिक भरोसेमंद, सुविधाजनक और प्रतिस्पर्धी बनाने के साथ क्षेत्रीय व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

कपिंजल किशोर शर्मा मुख्य जनसंपर्क अधिकारी,पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे