पूरनपुर में जिलाधिकारी ने खेतों के वीच जाकर फसल नुकसान का निरीक्षण किया।

पीलीभीत।जलभराव से प्रभावित धान की फसल का जायजा लेने खेतों में पहुंचे जिलाधिकारी आलोक कुमार

प्रभावित किसानों से किया संवाद, सर्वे में किसी भी वास्तविक पीड़ित किसान का नाम न छूटने के दिए निर्देश

पीलीभीत यूपी। जनपद में हाल ही में हुई मूसलाधार बारिश के चलते जलभराव से प्रभावित धान की फसल का जायजा लेने जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कलीनगर और पूरनपुर तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम भवसी कलीनगर, अण्डबोझी, कंजरी निरंजनपुर और अमृतपुर ता. माधौटांडा पहुंचकर प्रभावित कृषि भूमि का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खेतों में पहुंचकर फसलों को हुए नुकसान की स्थिति देखी और प्रभावित किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि आपदा की इस घड़ी में शासन और प्रशासन उनके साथ खड़ा है। किसानों को नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इस दौरान जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी पूरनपुर से प्रभावित कृषि क्षेत्र और किसानों को हुए नुकसान के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि करीब 281 हेक्टेयर कृषि भूमि सहित 496 से अधिक क्षेत्र जलभराव से प्रभावित हुआ है। शारदा पार क्षेत्र के गांवों में भी धान की फसल को नुकसान पहुंचा है।

राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम द्वारा प्रभावित फसलों का सर्वे कराया जा रहा है, ताकि पात्र किसानों को नियमानुसार जल्द से जल्द मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सर्वे सूची में किसी भी वास्तविक प्रभावित किसान का नाम छूटने न पाए।

जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण धान की फसल को हुए नुकसान की भरपाई और किसानों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सर्वे कार्य पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी पूरनपुर, उपजिलाधिकारी कलीनगर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं प्रभावित किसान मौजूद रहे।