पूरनपुर क्षेत्र में पासपोर्ट धोखाधड़ी मामले में श्रीलंकाई महिला सहित प्रधान प्रतिनिधि गिरफ्तार।

पीलीभीत में श्रीलंका की महिला समेत तीन गिरफ्तार, पासपोर्ट बनवाने में धोखाधड़ी का आरोप

इमरान से निकाह के बाद बनी थी जैनब बेगम, जांच में सामने आया श्रीलंका का स्थायी पता; ग्राम प्रधान प्रतिनिधि भी गिरफ्तार

पीलीभीत यूपी। पूरनपुर कोतवाली पुलिस ने पासपोर्ट बनवाने में कथित धोखाधड़ी के मामले में श्रीलंका की एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में महिला का पति मो. इमरान और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नजीब खां भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, महिला ने इमरान से निकाह करने के बाद अपना नाम जैनब बेगम रख लिया था। पासपोर्ट की जांच के दौरान दस्तावेजों में कथित अनियमितताएं सामने आने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर 2026 को शेरपुर कलां निवासी जैनब बेगम पत्नी मो. इमरान के पासपोर्ट की जांच की गई थी। जांच में सामने आया कि कथित रूप से गलत दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाया गया था। इसके बाद 12 नवंबर को थाना पूरनपुर में मुकदमा अपराध संख्या 463/26 दर्ज किया गया।

मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 61(2), आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम 2025 की धारा 23(1) तथा पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मो. इमरान पुत्र रियाज अहमद, उसकी पत्नी सुरैनी श्री वन्तिका उर्फ जैनब बेगम और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नजीब खां पुत्र बुन्दन खां को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महिला का स्थायी पता श्रीलंका का है, जबकि वर्तमान पता शेरपुर कलां के नवदिया वार्ड नंबर पांच का दर्ज है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में दस्तावेजों की जांच और अन्य तथ्यों को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है।