पूजा पर सियालदह मंडल की सौगात, बढ़ीं उपनगरीय ट्रेन सेवाएं और एसी ईएमयू के नए ठहराव

कोलकाता। दुर्गा पूजा के अवसर पर यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए सियालदह मंडल ने उपनगरीय रेल सेवाओं में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। इसके तहत शांतिपुर?कृष्णनगर सिटी जंक्शन के बीच ट्रेन सेवाओं की संख्या बढ़ाई गई है, सियालदह?बजबज के बीच देर रात नई ईएमयू सेवा शुरू की गई है और बदकुल्ला स्टेशन पर चार एसी ईएमयू लोकल ट्रेनों को प्रायोगिक ठहराव दिया गया है।

शांतिपुर?कृष्णनगर सिटी जंक्शन खंड में दिगनगर हॉल्ट के रास्ते दैनिक ट्रेन सेवा अब एक जोड़ी से बढ़ाकर दो जोड़ी कर दी गई है। सुबह की ट्रेन शांतिपुर से 9:34 बजे रवाना होकर 10:07 बजे कृष्णनगर पहुंचेगी, जबकि वापसी में कृष्णनगर से 10:17 बजे चलकर 10:43 बजे शांतिपुर पहुंचेगी। इससे स्थानीय यात्रियों, विद्यार्थियों और कार्यालय जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।

देर रात ड्यूटी से लौटने वाले यात्रियों के लिए सियालदह?कोमागाटा मारू बजबज के बीच प्रायोगिक देर रात ईएमयू सेवा शुरू की गई है। ट्रेन सियालदह से रात 10:55 बजे रवाना होकर 11:43 बजे बजबज पहुंचेगी। वापसी में बजबज से रात 11:54 बजे चलकर ट्रेन रात 12:48 बजे सियालदह पहुंचेगी।

इसके अलावा सियालदह?कृष्णनगर सिटी जंक्शन खंड के बदकुल्ला स्टेशन पर चार एसी ईएमयू लोकल ट्रेनों को नया प्रायोगिक ठहराव दिया गया है। रविवार को छोड़कर ट्रेन संख्या 31845 और 31846 तथा रविवार को ट्रेन संख्या 31847 और 31848 बदकुल्ला स्टेशन पर रुकेंगी।

सियालदह के मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने कहा कि उपनगरीय सेवाओं में वृद्धि और नए ठहराव दैनिक यात्रियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किए गए हैं। मंडल का उद्देश्य यात्रियों को अधिक सुलभ, विश्वसनीय और आरामदायक रेल सुविधा उपलब्ध कराना है।