पुलिसकर्मियों को दिया गया प्राथमिक अग्निशमन प्रशिक्षण अग्निशमन उपकरणों के संचालन और आपात स्थिति से निपटने के बताए तरीके

बिजनौर। आगजनी की घटनाओं में त्वरित कार्रवाई और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जनपद बिजनौर में पुलिसकर्मियों के लिए प्राथमिक अग्निशमन प्रशिक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों को आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव एवं राहत कार्य शुरू करने के साथ-साथ अग्निशमन उपकरणों के सही संचालन की जानकारी दी गई।

अपर महानिदेशक अग्निशमन तथा आपात सेवा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ एवं पुलिस अधीक्षक बिजनौर के आदेशानुसार मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में प्रभारी अग्निशमन अधिकारियों द्वारा विभिन्न पुलिस चौकियों और थानों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रभारी अग्निशमन अधिकारी धामपुर, बिजनौर, चांदपुर और नजीबाबाद की टीमों ने पुलिस चौकी आदर्शनगर थाना नजीबाबाद, पुलिस चौकी उधमसिंह कल्लूवाला थाना रेहड़, पुलिस चौकी विदुर कुटी थाना कोतवाली शहर, पुलिस चौकी झालू थाना हल्दौर, थाना कोतवाली देहात तथा पुलिस चौकी शुगर मिल थाना चांदपुर में मौजूद पुलिसकर्मियों को प्राथमिक अग्निशमन प्रशिक्षण प्रदान किया।

प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों की पहचान, उनके उपयोग की विधि और संचालन के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सावधानीपूर्वक और तत्काल प्रभाव से किस प्रकार प्राथमिक स्तर पर आग पर काबू पाया जा सकता है, इसकी जानकारी दी गई।

अग्निशमन विभाग की ओर से बताया गया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को आपात परिस्थितियों के लिए तैयार रखना है, ताकि अग्निकांड की सूचना मिलने पर अग्निशमन दल के पहुंचने से पहले प्राथमिक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।