पात्र विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति नहीं रुकेगी, सीडीओ ने लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश

पात्र विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति नहीं रुकेगी, सीडीओ ने लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश

23 नवंबर तक सभी लंबित छात्रवृत्ति आवेदनों का शत-प्रतिशत निस्तारण करने का लक्ष्य, लापरवाही पर जताई नाराजगी

मुरादाबाद। जनपद के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने गंभीरता दिखाई है। शुक्रवार को उनकी अध्यक्षता में कक्षा 9-10 एवं 11-12 के लंबित छात्रवृत्ति आवेदनों को लेकर महत्वपूर्ण ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें पूर्व दशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं की विद्यालयवार समीक्षा की गई।

गूगल मीट के माध्यम से दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक आयोजित बैठक में जनपद के सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, प्रभारियों और अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में लंबित आवेदनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि किसी भी पात्र छात्र-छात्रा का आवेदन लंबित नहीं रहना चाहिए। सभी आवेदनों का सत्यापन कर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ समय से मिल सके।

मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने कहा कि आवेदन पत्रों में किसी प्रकार की त्रुटि या दस्तावेजों की कमी होने पर संबंधित छात्र-छात्रा अथवा अभिभावक से तत्काल संपर्क कर समस्या का समाधान कराया जाए। सभी विद्यालय अपने लंबित आवेदनों की सूची अद्यतन रखें और प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रवृत्ति संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के अंत में उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए 23 नवंबर 2026 तक सभी लंबित छात्रवृत्ति आवेदनों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीडीओ की इस पहल से पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने और लंबित आवेदनों की समस्याओं को दूर करने में तेजी आने की उम्मीद है।