पांडु में 81वीं अखिल भारतीय अंतर-रेलवे फुटबॉल चैंपियनशिप संपन्न, सीएलडब्ल्यू बना चैंपियन

मालीगांव। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे क्रीड़ा संघ द्वारा आयोजित 81वीं अखिल भारतीय अंतर-रेलवे फुटबॉल चैंपियनशिप 2026 का रोमांचक समापन पांडु स्थित एनएफआरएसए फुटबॉल स्टेडियम में हुआ। सात अक्टूबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स ने उत्तर रेलवे को हराकर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। उत्तर रेलवे की टीम उपविजेता रही, जबकि मेजबान पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।

चैंपियनशिप के नॉकआउट चरण का उद्घाटन तीन अक्टूबर को किया गया था। प्रतियोगिता में आठ रेलवे टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे, उत्तर रेलवे, रेल कोच फैक्ट्री, पश्चिम मध्य रेलवे, दक्षिण रेलवे, चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स, मध्य रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे की टीमें शामिल रहीं। इन टीमों ने चेन्नई और जबलपुर में आयोजित लीग चरण में शानदार प्रदर्शन कर नॉकआउट चरण के लिए स्थान बनाया था।

फाइनल मुकाबले में चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा किया। उत्तर रेलवे ने उपविजेता का स्थान हासिल किया। वहीं पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की टीम ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता। टीम को एनएफआरएसए के फुटबॉल सचिव एवं कोच रंजन देबबर्मा का मार्गदर्शन मिला।

फाइनल और पुरस्कार वितरण समारोह में चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स के महाप्रबंधक मोहित चंद्रा, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अपर महाप्रबंधक रमेश कुमार, एनएफआरएसए के महासचिव एवं प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक निर्माण नवीन कुमार सिंह सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने सभी टीमों और खिलाड़ियों के उत्साहपूर्ण प्रदर्शन, खेल भावना, अनुशासन और शानदार प्रतिस्पर्धा की सराहना की। तीन से सात अक्टूबर तक आयोजित इस चैंपियनशिप ने रेलवे के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मंच प्रदान किया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन ने रेल कर्मचारियों के बीच खेलों को बढ़ावा देने और उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे क्रीड़ा संघ की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया।