परिचालनिक कारणों से सात रेलसेवाएं रद्द, यात्रा से पहले जांच लें ट्रेन का स्टेटस

परिचालनिक कारणों से सात रेलसेवाएं रद्द, यात्रा से पहले जांच लें ट्रेन का स्टेटस

9 और 10 अक्टूबर को अलग-अलग मार्गों पर चलने वाली रेलगाड़ियों का संचालन रहेगा प्रभावित

रेलवे यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। परिचालनिक कारणों के चलते उत्तर पश्चिम रेलवे ने सात रेलसेवाओं को रद्द करने का निर्णय लिया है। इन रेलगाड़ियों में सिरसा, तिलकब्रिज, उदयपुर सिटी, हजरत निजामुद्दीन, श्रीगंगानगर और भिवानी के बीच चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी जाती है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी रेलगाड़ी की स्थिति की जानकारी अवश्य कर लें।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, रद्द रहने वाली रेलसेवाओं का विवरण इस प्रकार है।

गाड़ी संख्या 12964 उदयपुर सिटी-हजरत निजामुद्दीन रेलसेवा 9 अक्टूबर 2026 को उदयपुर सिटी से रवाना नहीं होगी। वहीं, गाड़ी संख्या 14727 श्रीगंगानगर-तिलकब्रिज रेलसेवा भी 9 अक्टूबर को रद्द रहेगी।

10 अक्टूबर 2026 को गाड़ी संख्या 15308 सिरसा-तिलकब्रिज रेलसेवा सिरसा से प्रस्थान नहीं करेगी। इसी दिन गाड़ी संख्या 12963 हजरत निजामुद्दीन-उदयपुर सिटी, गाड़ी संख्या 14738 तिलकब्रिज-भिवानी, गाड़ी संख्या 14737 भिवानी-तिलकब्रिज और गाड़ी संख्या 14728 तिलकब्रिज-श्रीगंगानगर रेलसेवाएं भी रद्द रहेंगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि निर्धारित तिथियों पर यात्रा की योजना बनाने से पहले अपनी ट्रेन के संचालन की जानकारी प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।