निगम चुनाव 58 प्रत्याशियों ने दाखिल किए 76 नामांकन, 600 आवेदन पत्र ले गए दावेदार नामांकन को लेकर प्रत्याशियों में दिखा उत्साह, पांचों जोन में जमा हुए नाम निर्देशन पत्र

निगम चुनाव 58 प्रत्याशियों ने दाखिल किए 76 नामांकन, 600 आवेदन पत्र ले गए दावेदार


नामांकन को लेकर प्रत्याशियों में दिखा उत्साह, पांचों जोन में जमा हुए नाम निर्देशन पत्र

जिला ब्यूरो चीफ ओम प्रकाश प्रजापत


पाली, सिटी नगर निगम आम चुनाव 2026 को लेकर नामांकन प्रक्रिया के तहत शनिवार को प्रत्याशियों में खासा उत्साह नजर आया। निगम कार्यालय में दिनभर पार्षद पद के दावेदारों और उनके समर्थकों की आवाजाही बनी रही। शनिवार को कुल 58 दावेदारों ने 76 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए। वहीं अब तक पार्षद पद के लिए 600 आवेदन पत्र प्रत्याशियों की ओर से लिए जा चुके हैं।
निगम चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि शनिवार को पांचों जोन में निर्धारित प्रक्रिया के तहत नाम निर्देशन पत्र जमा करवाए गए। प्रथम जोन में वार्ड संख्या 1 से 13 तक 13 दावेदारों ने 17 नामांकन पत्र, द्वितीय जोन में वार्ड संख्या 14 से 26 तक 10 दावेदारों ने 12 नामांकन पत्र, तृतीय जोन में वार्ड संख्या 27 से 39 तक 12 दावेदारों ने 16 नामांकन पत्र, चतुर्थ जोन में वार्ड संख्या 40 से 52 तक 15 दावेदारों ने 22 नामांकन पत्र तथा पंचम जोन में वार्ड संख्या 53 से 65 तक 8 दावेदारों ने 9 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।
नामांकन प्रक्रिया को लेकर बढ़ी सरगर्मी -नगर निगम चुनाव को लेकर जैसे-जैसे नामांकन प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे चुनावी सरगर्मी भी तेज होती जा रही है। शनिवार को निगम कार्यालय में प्रत्याशियों के साथ उनके समर्थक भी पहुंचे। नामांकन पत्र जमा करवाने को लेकर दावेदारों में उत्साह देखने को मिला। निर्वाचन कार्यालय की ओर से नामांकन प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई।
हेल्प डेस्क व प्रतिभूति जमा काउंटर रहेंगे खुले -सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि रविवार को राजकीय अवकाश होने के कारण नगर निगम चुनाव में नाम निर्देशन पत्र जमा करवाने वाले प्रत्याशियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए हेल्प डेस्क एवं प्रतिभूति जमा काउंटर खुले रहेंगे। प्रत्याशी नामांकन से संबंधित जानकारी एवं आवश्यक प्रक्रिया के लिए हेल्प डेस्क से सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
अब तक 600 आवेदन पत्र ले गए प्रत्याशी - सहायक रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि शनिवार तक पार्षद पद के प्रत्याशियों की ओर से कुल 600 आवेदन पत्र लिए जा चुके हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर दावेदारों में काफी उत्साह है। इस दौरान विशेषाधिकारी कार्यालय निर्वाचन अधिकारी चौधरी बिरजू गोपाल, पाली तहसीलदार सुनील कुमार, उप पंजीयक प्रथम शिवजीराम बावरी, तहसीलदार निर्वाचन नेहा चौधरी, सुरेश कुमार व्यास, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, महेन्द्र बैरवा, परमेश्वर उपाध्याय, कैलाश बाबू गुप्ता, दिनेश जैन, मीठालाल चांवरिया, जाकिर हुसैन सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।