दो दिन से लापता युवक का सिरसा नदी में मिला शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

फिरोजाबाद,सिटी अपडेट। नारखी क्षेत्र में दो दिन पूर्व से गायब एक युवक का शव सिरसा नदी से मिलने से सनसनी फैल गई है। नदी में शव तैरता देख ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई, जिन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान विशाल (20 वर्ष) पुत्र पप्पन सिंह, निवासी गांव गोंछ (नारखी) के रूप में हुई है।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों का खुलासा हो सकेगा।