दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर चलेंगी विशेष ट्रेनें, कई मार्गों पर बढ़े फेरे

दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इसके तहत कोलकाता-प्रतापनगर, हावड़ा-खातीपुरा, हुब्बली-मुजफ्फरपुर और यशवंतपुर-सहरसा के बीच विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इसके साथ ही देवलाली-दानापुर मिश्रित साप्ताहिक विशेष ट्रेन के अतिरिक्त फेरे भी लगाए जाएंगे।

कोलकाता-प्रतापनगर-कोलकाता विशेष ट्रेन संख्या 03109/03110 के सात-सात फेरे होंगे। कोलकाता से यह ट्रेन अक्टूबर में 13, 20 और 27 तथा नवंबर में 3, 10, 17 और 24 अक्टूबर को चलेगी। वापसी में प्रतापनगर से 15, 22 और 29 अक्टूबर तथा 5, 12, 19 और 26 नवंबर को संचालन होगा। ट्रेन में 22 कोच होंगे, जिनमें चार वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 10 शयनयान और छह सामान्य श्रेणी के कोच शामिल हैं।

हावड़ा-खातीपुरा-हावड़ा विशेष ट्रेन संख्या 03007/03008 के भी आठ-आठ फेरे निर्धारित किए गए हैं। हावड़ा से ट्रेन 11, 18 और 25 अक्टूबर तथा 1, 8, 15, 22 और 29 नवंबर को चलेगी। वापसी में खातीपुरा से 13, 20 और 27 अक्टूबर, 3, 10, 17 और 24 नवंबर तथा 1 दिसंबर को ट्रेन चलेगी। इस ट्रेन में भी 22 कोच होंगे।

इसी तरह हुब्बली-मुजफ्फरपुर-हुब्बली विशेष ट्रेन संख्या 07315/07316 के सात फेरे होंगे। हुब्बली से अक्टूबर में 13, 20 और 27 तथा नवंबर में 3, 10, 17 और 24 तारीख को ट्रेन चलेगी। मुजफ्फरपुर से 16, 23 और 30 अक्टूबर तथा 6, 13, 20 और 27 नवंबर को वापसी होगी। ट्रेन में 19 कोच लगाए जाएंगे।

यशवंतपुर-सहरसा-यशवंतपुर साप्ताहिक विशेष ट्रेन संख्या 06581/06582 के आठ-आठ फेरे होंगे। यशवंतपुर से अक्टूबर में 11, 18 और 25 तथा नवंबर में 1, 8, 15, 22 और 29 तारीख को संचालन होगा। सहरसा से 14, 21 और 28 अक्टूबर, 4, 11, 18 और 25 नवंबर तथा 2 दिसंबर को ट्रेन चलेगी। इस ट्रेन में कुल 24 कोच होंगे।

इसके अलावा यात्रियों की सुविधा और पार्सल निस्तारण के लिए देवलाली-दानापुर मिश्रित साप्ताहिक विशेष ट्रेन संख्या 01053/01054 के दो अतिरिक्त फेरे भी चलाए जाएंगे। देवलाली से 10 और 17 अक्टूबर तथा दानापुर से 12 और 19 अक्टूबर को अतिरिक्त फेरे होंगे। ये अतिरिक्त सेवाएं वर्तमान समय, मार्ग और निर्धारित कोच संरचना के अनुसार संचालित की जाएंगी।

रेल प्रशासन के इस निर्णय से त्योहारों के दौरान लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलने की उम्मीद है।