दीपावली और छठ पर्व पर रेलवे की सौगात, मुंबई से नागपुर के बीच चलेंगी 2 जोड़ी विशेष ट्रेनें

दीपावली और छठ पर्व पर रेलवे की सौगात, मुंबई से नागपुर के बीच चलेंगी 2 जोड़ी विशेष ट्रेनें

सीएसएमटी और लोकमान्य तिलक टर्मिनस से होगा संचालन, ठाणे, कल्याण, नासिक रोड और भुसावल समेत कई स्टेशनों पर ठहराव

मुंबई। दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे द्वारा मुंबई और नागपुर के बीच 2 जोड़ी विशेष एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इन विशेष ट्रेनों से त्योहारों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी और नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम होगा।

सीएसएमटी-नागपुर विशेष ट्रेन

ट्रेन संख्या 01125 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-मुंबई से 13 नवंबर 2026 को दोपहर 3:25 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7 बजे नागपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 01126 नागपुर से 14 नवंबर को शाम 4:10 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:05 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पहुंचेगी।

यह ट्रेन दादर, ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, चालीसगांव, जलगांव, भुसावल, मलकापुर, शेगांव, अकोला, बडनेरा, धामनगांव और वर्धा स्टेशनों पर ठहरेगी।

लोकमान्य तिलक टर्मिनस-नागपुर विशेष ट्रेन

ट्रेन संख्या 01129 लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 14 नवंबर को दोपहर 3:25 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7 बजे नागपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 01130 नागपुर से 15 नवंबर को शाम 4:10 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:05 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।

इस ट्रेन का ठहराव ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, चालीसगांव, जलगांव, भुसावल, मलकापुर, शेगांव, अकोला, बडनेरा, धामनगांव और वर्धा स्टेशनों पर होगा।

एसी और स्लीपर कोच की रहेगी सुविधा

रेलवे के अनुसार सीएसएमटी-नागपुर विशेष ट्रेन में 1 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, 4 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 3 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी इकोनॉमी, 4 शयनयान और 2 सामान्य श्रेणी के डिब्बे होंगे।

वहीं लोकमान्य तिलक टर्मिनस-नागपुर विशेष ट्रेन में 1 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, 5 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 10 शयनयान और 2 सामान्य श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे।

इन विशेष ट्रेनों में आरक्षित टिकटों की बुकिंग सभी कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से की जा सकती है। अनारक्षित डिब्बों के टिकट सामान्य किराये पर यूटीएस प्रणाली और रेलवन ऐप से बुक किए जा सकेंगे।