दक्षिण भारत दर्शन यात्रा के लिए जबरदस्त उत्साह, सेकंड एसी और स्लीपर की सीटें फुल

जयपुर। श्रद्धालुओं की बढ़ती मांग को देखते हुए भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम द्वारा 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक दक्षिण भारत दर्शन यात्रा का संचालन किया जाएगा। यात्रा सीकर जंक्शन से शुरू होकर जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ होते हुए दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक जाएगी।

आईआरसीटीसी जयपुर के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश सैनी ने बताया कि 12 दिवसीय भारत गौरव पर्यटक रेल यात्रा में श्रद्धालुओं को तिरुपति बालाजी, रामेश्वरम के रामनाथस्वामी मंदिर, मदुरई के मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे।

यात्रा 21 अक्टूबर को सीकर से रवाना होगी और 23 अक्टूबर को रेणिगुंटा पहुंचेगी। 24 अक्टूबर को श्रद्धालुओं को तिरुपति बालाजी के दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद 25 अक्टूबर को ट्रेन रामेश्वरम के लिए रवाना होगी और 26 अक्टूबर को वहां पहुंचकर रामनाथस्वामी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे।

27 अक्टूबर को यात्रा रामेश्वरम से मदुरई के लिए रवाना होगी, जहां शाम को मीनाक्षी मंदिर के दर्शन होंगे। इसके बाद ट्रेन कन्याकुमारी पहुंचेगी। 28 अक्टूबर को श्रद्धालुओं को कन्याकुमारी भ्रमण कराया जाएगा। आगे यात्रा में मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे और इसके बाद वापसी यात्रा शुरू होगी। 1 नवंबर को सीकर जंक्शन पहुंचकर यात्रा समाप्त होगी।

भारत गौरव पर्यटक ट्रेन में यात्रियों के लिए वातानुकूलित कोच, आधुनिक रसोईघर और जैव शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। यात्रियों की सुविधा और बजट के अनुसार यात्रा को मानक और आरामदायक श्रेणियों में रखा गया है। पैकेज में रेल यात्रा के साथ होटल आवास, नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन, स्थानीय परिवहन, मंदिर दर्शन तथा बीमा की सुविधा भी शामिल है।

यात्रा के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी और शयनयान श्रेणी की सीटें पूरी तरह बुक हो चुकी हैं, जबकि अब केवल तृतीय वातानुकूलित श्रेणी की मानक श्रेणी में सीटें उपलब्ध हैं।

मानक श्रेणी का पैकेज 37,810 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। इसमें तृतीय वातानुकूलित रेल यात्रा, गैर-वातानुकूलित आवास और गैर-वातानुकूलित बस की सुविधा शामिल है। सरकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र के पात्र कर्मचारी भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार यात्रा भत्ता सुविधा का लाभ भी उठा सकते हैं।

आईआरसीटीसी ने इच्छुक श्रद्धालुओं से जल्द बुकिंग कर अपनी सीट सुरक्षित करने की अपील की है। यात्रा की विस्तृत जानकारी और बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय कार्यालय जयपुर सहित अधिकृत माध्यमों का उपयोग किया जा सकता है।