त्योहारों पर रेलवे की सौगात, लुधियाना-पूर्णिया के बीच चलेगी आरक्षित स्पेशल ट्रेन

त्योहारों पर रेलवे की सौगात, लुधियाना-पूर्णिया के बीच चलेगी आरक्षित स्पेशल ट्रेन

मुरादाबाद समेत कई स्टेशनों पर होगा ठहराव, 5 और 9 नवंबर को लुधियाना से होगा संचालन

फिरोजपुर। आगामी त्योहारों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुविधाजनक आवागमन को देखते हुए रेलवे द्वारा लुधियाना और पूर्णिया के बीच आरक्षित त्योहार स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन किया जाएगा। इस विशेष रेलसेवा से पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। ट्रेन का ठहराव मुरादाबाद समेत कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर दिया गया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार के अनुसार गाड़ी संख्या 04660 लुधियाना-पूर्णिया आरक्षित त्योहार स्पेशल ट्रेन 5 और 9 नवंबर 2026 को दो फेरे लगाएगी। यह ट्रेन लुधियाना से दोपहर 12 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 9:30 बजे पूर्णिया पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 04659 पूर्णिया-लुधियाना आरक्षित त्योहार स्पेशल ट्रेन 6 और 10 नवंबर 2026 को दो फेरे लगाएगी। यह ट्रेन पूर्णिया से रात 11:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:50 बजे लुधियाना पहुंचेगी।

दोनों दिशाओं में यह ट्रेन ढंडारी कलां, अंबाला कैंट, यमुनानगर जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, बुढ़वल, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया सदर, भटनी, सीवान, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बछवाड़ा, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, सहरसा और बनमनखी रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए इस विशेष रेलसेवा का लाभ उठाएं और समय रहते आरक्षित टिकट बुक कराएं।