त्योहारों पर यात्रियों को राहत, नई दिल्ली-सुपौल के बीच चलेगी आरक्षित विशेष ट्रेन

त्योहारों पर यात्रियों को राहत, नई दिल्ली-सुपौल के बीच चलेगी आरक्षित विशेष ट्रेन

नई दिल्ली से 1 अक्टूबर से 28 नवंबर तक रोजाना चलेगी ट्रेन, सुपौल से 3 अक्टूबर से 30 नवंबर तक होगा संचालन

त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सीटों की उपलब्धता को देखते हुए रेल प्रशासन ने नई दिल्ली और सुपौल के बीच आरक्षित त्योहार विशेष एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 04072/04071 नई दिल्ली-सुपौल-नई दिल्ली आरक्षित त्योहार विशेष एक्सप्रेस का संचालन प्रतिदिन किया जाएगा। ट्रेन के संचालन से यात्रियों को त्योहारों के दौरान अपने घर और गंतव्य तक सुविधाजनक ढंग से पहुंचने में राहत मिलेगी।

रेल प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 04072 नई दिल्ली-सुपौल का संचालन 1 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 04071 सुपौल-नई दिल्ली 3 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन चलेगी। दोनों दिशाओं में कुल 59-59 फेरे लगाए जाएंगे।

नई दिल्ली से ट्रेन रात 9:35 बजे रवाना होकर गाजियाबाद, चिपियाना बुजुर्ग, अलीगढ़ जंक्शन, टूंडला जंक्शन, इटावा जंक्शन, गोविंदपुरी, प्रयागराज जंक्शन, ज्ञानपुर रोड, वाराणसी जंक्शन, औंरिहार जंक्शन, गाजीपुर सिटी, बलिया, सुरैमनपुर, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बरौनी जंक्शन, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, सिमरी बख्तियारपुर और सहरसा जंक्शन होते हुए अगले दिन सुबह 6:35 बजे सुपौल जंक्शन पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 04071 सुपौल से दोपहर 3:00 बजे रवाना होगी और निर्धारित मार्ग से होते हुए अगले दिन दोपहर 3:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

इस विशेष ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे। इनमें वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 2, शयनयान श्रेणी के 8, सामान्य श्रेणी के 4 तथा एसएलआर/डी के 2 कोच शामिल हैं।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की समय-सारणी और मार्ग की अद्यतन जानकारी अवश्य प्राप्त करें। इसके लिए यात्री रेल मदद, एनटीईएस ऐप या आधिकारिक रेलवे पूछताछ सेवा का उपयोग कर सकते हैं।