त्योहारों पर यात्रियों को रेलवे की सौगात, चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन

जयपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर यात्रियों की बढ़ती भीड़ और आवागमन को आसान बनाने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे ने चार जोड़ी साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवाओं के संचालन का निर्णय लिया है। इन विशेष ट्रेनों के चलने से राजस्थान समेत उत्तर भारत, पूर्वी भारत और दक्षिण भारत के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार अजमेर-रांची-अजमेर, भगत की कोठी-दानापुर-भगत की कोठी, जोधपुर-मऊ-जोधपुर तथा जोधपुर-चेन्नई-जोधपुर के बीच स्पेशल रेलसेवाओं का संचालन किया जाएगा।

अजमेर-रांची स्पेशल ट्रेन 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को अजमेर से रवाना होगी और रविवार को रांची पहुंचेगी। वापसी में रांची-अजमेर स्पेशल 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को संचालित होगी। यह ट्रेन जयपुर समेत किशनगढ़, दुर्गापुरा, सवाईमाधोपुर, सोगरिया, बारां, गुना, सागर, कटनी, सिंगरौली, चोपन, रेणुकूट, गढ़वा रोड और लोहरदगा सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।

भगत की कोठी-दानापुर स्पेशल 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी, जबकि दानापुर-भगत की कोठी स्पेशल 8 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को संचालित होगी। इस ट्रेन का ठहराव जोधपुर, मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, जयपुर, बांदीकुई, भरतपुर, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी, प्रयागराज क्षेत्र, मिर्जापुर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन और बक्सर सहित कई स्टेशनों पर रहेगा।

जोधपुर-मऊ स्पेशल ट्रेन 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को जोधपुर से रवाना होगी। वापसी में मऊ-जोधपुर स्पेशल 6 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। यह रेलसेवा जयपुर, बांदीकुई, भरतपुर, मथुरा, हाथरस सिटी, कासगंज, फर्रुखाबाद, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, अयोध्या कैंट, अयोध्या, आजमगढ़ और मऊ सहित विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों को सुविधा देगी।

इसी तरह जोधपुर-चेन्नई बीच साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को संचालित होगी। वापसी में चेन्नई-जोधपुर स्पेशल 6 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। यह ट्रेन जयपुर, सवाईमाधोपुर, सोगरिया, बारां, गुना, बीना, भोपाल, इटारसी, नागपुर, बल्हारशाह, विजयवाड़ा, नेल्लोर और गुडूर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।

इन चारों जोड़ी स्पेशल रेलसेवाओं में अलग-अलग श्रेणी के वातानुकूलित, शयनयान और साधारण श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे। त्योहारों के दौरान अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को कन्फर्म टिकट की उपलब्धता बढ़ने के साथ ही भीड़ के बीच आरामदायक रेल यात्रा का विकल्प मिलेगा। उत्तर पश्चिम रेलवे की इस पहल से यात्रियों को त्योहारों के दौरान अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।