त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, पीस कमेटी की बैठक में शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, पीस कमेटी की बैठक में शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

 

सहसवान (बदायूं)। आगामी राम बारात और वाल्मीकि जयंती को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सहसवान कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आईएएस जॉइंट मजिस्ट्रेट शौर्य अरोड़ा ने की।

 

बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों समुदायों के धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं गणमान्य नागरिकों से त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की। जॉइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि सहसवान की पहचान आपसी सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब के लिए है। सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और किसी भी तरह की अफवाह या विवाद को बढ़ावा न दें।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भड़काऊ, आपत्तिजनक या माहौल बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों पर भी प्रशासन की नजर रहेगी और शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह और थाना प्रभारी नरेश पाल सिंह ने भी बैठक में मौजूद लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि प्रमुख धार्मिक स्थलों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। संदिग्ध गतिविधि या किसी अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

 

बैठक के दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट ने नगर पालिका अधिकारियों को साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग को त्योहारों से पहले जर्जर विद्युत तारों एवं अन्य विद्युत व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।

 

पीस कमेटी की बैठक में दोनों समुदायों के धर्मगुरु, सभासद, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी से अपील की कि त्योहारों को शांति, भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ मनाकर सहसवान की सौहार्दपूर्ण परंपरा को कायम रखें।