तेंदुआई कला में फायर स्टेशन स्थापित कराने की मांग विधानसभा में उठाई, विधायक त्रिभुवन दत्त ने प्रमुख सचिव गृह विभाग से की चर्चा

आलापुर (अंबेडकरनगर)। आलापुर विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड जहांगीरगंज मुख्यालय तेंदुआई कला में फायर ब्रिगेड स्टेशन स्थापित कराने की मांग विधायक त्रिभुवन दत्त ने विधानमंडल की बैठक में प्रमुखता से उठाई।

सचिवालय में विधानमंडल की अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों तथा विमुक्त जातियों संबंधी संयुक्त समिति 2025-26 की गृह विभाग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग और ग्राम्य विकास विभाग की बैठक आयोजित हुई। इसमें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं आलापुर विधायक त्रिभुवन दत्त शामिल हुए।

बैठक के दौरान विधायक त्रिभुवन दत्त ने प्रमुख सचिव गृह विभाग सहित संबंधित अधिकारियों से विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने आलापुर विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड जहांगीरगंज मुख्यालय तेंदुआई कला में फायर ब्रिगेड स्टेशन की स्थापना कराने की मांग रखी।

गौरतलब है कि क्षेत्र में लंबे समय से फायर स्टेशन स्थापित किए जाने की मांग उठती रही है। आगजनी की घटनाओं के दौरान अग्निशमन सुविधा समय पर उपलब्ध न होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में तेंदुआई कला में फायर स्टेशन की स्थापना होने से आसपास के गांवों के लोगों को आगजनी जैसी आपात स्थितियों में त्वरित राहत मिल सकेगी।

विधायक द्वारा सदन की समिति की बैठक में इस मांग को उठाए जाने पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की। हालांकि, फायर स्टेशन की स्थापना को लेकर अभी संबंधित विभाग की स्वीकृति और आगे की कार्रवाई का इंतजार रहेगा।