ड्रोन से निगरानी कर अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, 215 किलो पटाखों के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार

ड्रोन से निगरानी कर अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, 215 किलो पटाखों के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार


जौनपुर। दीपावली से पहले अवैध पटाखों के निर्माण और भंडारण के खिलाफ मडियाहूं पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ड्रोन कैमरे की निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने भण्डरिया टोला में संचालित अवैध पटाखा निर्माण केंद्र का भंडाफोड़ करते हुए पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। मौके से करीब 215 किलोग्राम तैयार पटाखों के साथ भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और निर्माण उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी मडियाहूं गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने नायब तहसीलदार शीतला प्रसाद सिंह के साथ भण्डरिया टोला में छापेमारी की। ड्रोन कैमरे की मदद से निगरानी करते हुए अवैध पटाखा निर्माण का खुलासा किया गया।

कार्रवाई के दौरान इम्तियाज अहमद (48) और उसके पुत्र मोहम्मद कैफ (23), निवासी भण्डरिया टोला, थाना मडियाहूं को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 155 किलोग्राम अनार पटाखे, 60 किलोग्राम सुतली बम और 19.5 किलोग्राम सिंघाड़ा पटाखे बरामद किए। इसके अलावा बारूद, गंधक, सोरा, एल्यूमीनियम कतरन, पटाखों की बाती, कागज, रैपर तथा अन्य विस्फोटक सामग्री भी मिली।

पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, 1,530 खाली मिट्टी की अनार घरिया, तराजू-बांट और एक ड्रोन कैमरा भी जब्त किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 433/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 5/9बी(1)(ए)(बी) में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि अवैध पटाखा निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।