डीएसए ग्राउंड में स्वच्छता अभियान और पौधारोपण, मंडल रेल प्रबंधक ने किया श्रमदान

प्रयागराज। स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत 1 अक्टूबर को प्रयागराज के डीएसए ग्राउंड में विशेष स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में अधिकारियों, कर्मचारियों और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की टीम ने श्रमदान कर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अभियान में अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार, वरिष्ठ मंडल पर्यावरण एवं रखरखाव प्रबंधक विक्रम सिंह कोली सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहभागिता की। सभी ने डीएसए ग्राउंड परिसर की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने स्वयं श्रमदान करते हुए कहा कि स्वच्छता को किसी अभियान या पखवाड़े तक सीमित नहीं रखना चाहिए। इसे दैनिक जीवन और कार्य व्यवहार का हिस्सा बनाना जरूरी है। रेलवे परिसरों, स्टेशनों, कार्यालयों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

स्वच्छता अभियान के साथ डीएसए ग्राउंड परिसर में पौधारोपण भी किया गया। मंडल रेल प्रबंधक और अन्य अधिकारियों ने पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया। इस दौरान स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर के महत्व पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में ?एक दिन, एक घंटा, एक साथ? की भावना के अनुरूप सामूहिक श्रमदान के माध्यम से जनभागीदारी को बढ़ावा दिया गया। रेलवे की ओर से स्वच्छता गतिविधियों में कर्मचारियों और उनके परिवारों के साथ रेलवे सुरक्षा बल, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, राष्ट्रीय कैडेट कोर, राष्ट्रीय सेवा योजना, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।

रेलवे के अनुसार स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के साथ स्वच्छता के प्रति स्थायी जनजागरूकता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।