डीएम प्रणय सिंह की मौजूदगी में हुई धान की क्रॉप कटिंग, 43.3 वर्ग मीटर में मिली 13.810 किलो उपज

कासगंज। जिलाधिकारी प्रणय सिंह की उपस्थिति में बुधवार को ग्राम होड़लपुर में धान की फसल की क्रॉप कटिंग कराई गई। निर्धारित 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में धान की कटाई और तौल के बाद 13.810 किलोग्राम उपज प्राप्त हुई। क्रॉप कटिंग के जरिए फसल की वास्तविक उत्पादकता का आकलन किया गया।

ग्राम होड़लपुर में गाटा संख्या 325 के कुल 0.579 हेक्टेयर रकबे में सहखातेदार हरी सिंह पुत्र लालाराम के हिस्से के 0.121 हेक्टेयर क्षेत्र में बोई गई धान की फसल का चयन किया गया था। निर्धारित मानकों के अनुसार 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में खड़ी फसल की कटाई कराई गई। इसके बाद प्राप्त धान की तौल की गई, जिसमें कुल 13.810 किलोग्राम उपज दर्ज की गई।

जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए कहा कि इसके माध्यम से फसलों की औसत उत्पादकता का वैज्ञानिक और पारदर्शी तरीके से आकलन किया जाता है। इससे कृषि उत्पादन के विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त होते हैं, जो कृषि योजनाओं और नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन में उपयोगी साबित होते हैं।

उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग के दौरान निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन किया जाना आवश्यक है, ताकि फसल उत्पादन के सटीक आंकड़े संकलित किए जा सकें। इस दौरान तहसीलदार कासगंज सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।