ट्रेन में छूटा महिला यात्री का बैग जीआरपी ने ढूंढकर लौटाया

कासगंज। दिल्ली से कासगंज आ रही महिला रेलयात्री का बैग ट्रेन में छूट गया। कासगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो और तीन पर जीआरपी को लाल रंग का लावारिस बैग मिला। तलाश और जानकारी करने पर बैग महिला यात्री गुलिस्ता पत्नी शान मोहम्मद का होने का पता चला। पुलिस ने बैग बरामद कर आवश्यक कार्रवाई के बाद महिला को सौंप दिया।

पश्चिमी दिल्ली के लक्ष्मीनगर की गीता कॉलोनी निवासी गुलिस्ता अपने पति शान मोहम्मद के साथ दिल्ली से कासगंज आ रही थीं। उन्हें गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र के गांव सुजावलपुर में अपनी सास के अंतिम संस्कार में शामिल होना था। कासगंज रेलवे स्टेशन पर जल्दबाजी में उनका लाल रंग का बैग ट्रेन में ही छूट गया। सुजावलपुर पहुंचने के बाद उन्हें बैग गुम होने की जानकारी हुई।

इस बीच कासगंज रेलवे स्टेशन पर जीआरपी को लावारिस बैग मिला। पुलिस ने बैग के संबंध में जानकारी जुटाई और महिला यात्री से संपर्क किया। सूचना मिलने पर गुलिस्ता अपने पति के साथ जीआरपी थाने पहुंचीं। बैग में महत्वपूर्ण दस्तावेज, कपड़े और व्यक्तिगत सामान था। आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने बैग उन्हें सौंप दिया।

बैग बरामद करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, हेड कांस्टेबल सतीश कुमार और महिला आरक्षी शिवानी शामिल रहीं।