ट्रांसफार्मर से कॉपर और मोबाइल टावरों के उपकरण चुराने वाले गिरोह के सदस्य को आरपीएफ ने दबोचा

कासगंज। रेलवे ट्रांसफार्मर से कॉपर और मोबाइल टावरों के विद्युत उपकरण चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी सोरों थाना क्षेत्र के गांव सिरावली निवासी रामकुमार (19) पुत्र सतीश है। आरपीएफ के अनुसार, आरोपी प्रदेश के विभिन्न जिलों में विद्युत उपकरणों की चोरी करने वाले गिरोह का सक्रिय सदस्य है।

आरपीएफ पोस्ट कासगंज के प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार मीना के नेतृत्व में टीम आरोपी की तलाश कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने 24 अक्टूबर की सुबह करीब 5:30 बजे रामकुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ आरपीएफ पोस्ट कासगंज में मुकदमा संख्या 09/2026 रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम, 1966 की धारा 3 के तहत कार्रवाई की गई है।

आरपीएफ के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने गिरोह के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में विद्युत ट्रांसफार्मर से कॉपर, मोबाइल टावरों के विद्युत उपकरण, अल्टरनेटर और अन्य बिजली संबंधी सामग्री चोरी करने की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोपी के खिलाफ कासगंज जिले के एंटी पावर थेफ्ट थाने में छह मामले दर्ज हैं। गिरोह के खिलाफ एटा जिले में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।

आरपीएफ के अनुसार, गिरोह के अन्य वांछित सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी गई शेष रेलवे संपत्ति की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।