ज्ञानोदय स्कूल सोसायटी में फर्जीवाड़े का आरोप, 10 लोगों पर एफआईआर

फर्जी सदस्य बनाकर समानांतर कार्यकारिणी बनाने का दावा, स्कूल फीस के करोड़ों रुपए के गबन का आरोप; तीन बैंकों के खातों से लेन-देन पर रोक

सीकर जिले के दादिया स्थित ज्ञानोदय विद्याग्राम शिक्षण संस्थान की सोसायटी में कथित फर्जीवाड़े और वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है. संस्था की फर्जी सदस्यता तैयार कर समानांतर प्रबंध कार्यकारिणी बनाने, स्कूल के संचालन पर कब्जा करने और फीस की करोड़ों रुपए की राशि का गबन करने के आरोप में 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है. परिवादी अर्जुन लाल चौधरी ने इस्तगासे के जरिए दादिया थाने में मामला दर्ज करवाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

2014 से फर्जी रसीदों के जरिए सदस्य बनाने का आरोप....

परिवाद के अनुसार, ज्ञानोदय विद्याग्राम शिक्षण संस्थान की स्थापना वर्ष 2001-02 में शिक्षा के उद्देश्य से की गई थी. इसके तहत ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल का संचालन शुरू हुआ. आरोप है कि वर्ष 2014 से राकेश कुमार और अन्य लोगों ने संस्था के विधान की अनदेखी कर बिना आमसभा और कार्यकारिणी की अनुमति के फर्जी सदस्यता रसीदों से कई लोगों को सदस्य बना दिया. सदस्यता शुल्क भी सोसायटी के खाते में जमा नहीं करवाया गया. परिवादी का कहना है कि रजिस्ट्रार संस्थाएं सीकर के रिकॉर्ड में भी इन सदस्यों की मान्यता का कोई विवरण नहीं है.

बिना सदस्य बने सचिव बनने का आरोप....

परिवाद में आरोप लगाया गया है कि वास्तविक कार्यकारिणी के समानांतर फर्जी चुनाव प्रक्रिया अपनाकर दूसरी प्रबंध कार्यकारिणी बना ली गई. इसमें राकेश कुमार को सचिव बनाया गया, जबकि परिवादी के अनुसार वे सोसायटी के सामान्य सदस्य तक नहीं हैं. इसी कार्यकारिणी के जरिए संस्था और स्कूल के संचालन पर अनधिकृत नियंत्रण किया गया.

इन तीन बैंकों में खाते खुलवाकर फीस की राशि का गबन....

आरोप है कि कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर पंजाब नेशनल बैंक की दो शाखाओं और राजस्थान बैंक की नवलगढ़ रोड शाखा में सोसायटी व स्कूल के नाम से खाते खुलवाए गए. इन खातों के माध्यम से स्कूल फीस की बड़ी राशि का गबन करने का दावा किया गया है. परिवादी के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद संबंधित बैंकों ने खातों से लेन-देन पर रोक लगा दी.

ऑडिट नहीं करवाने और अंशदान घटाने का भी आरोप....

परिवाद में सोसायटी का नियमित ऑडिट नहीं करवाने, रजिस्ट्रार को रिपोर्ट नहीं भेजने और अर्जुन लाल चौधरी की 25 प्रतिशत अंशदान हिस्सेदारी को रिकॉर्ड में घटाकर 9 प्रतिशत करने का आरोप भी लगाया गया है. सीबीएसई मान्यता के लिए कथित फर्जी प्रबंध समिति का विवरण देने और कार्यकारिणी में दोहरी सदस्यता रखने की बात भी कही गई है.

इन 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज....

एफआईआर में राकेश कुमार पुत्र दौलत सिंह, मूल सिंह फगेड़िया, योगेश कुमार फगेड़िया, भारत प्रकाश मील, प्यारे लाल, अरुण कुमार, गोपाल गढ़वाल, आनंदी लाल, मनोज ढाका और रामेश्वर लाल बिजारणिया को नामजद किया गया है. पुलिस अब दस्तावेजों, बैंक खातों और सोसायटी की कार्यकारिणी से जुड़े रिकॉर्ड की जांच करेगी.